नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दक्षिणी दिल्ली में जाम की जकड़न दूर करने के लिए 2 नए फ्लाईओवर निर्माण की योजना बनाई गई है. लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने बताया कि कंपनी को टेंडर जारी कर दिया गया है. जल्द ही, निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है.

दिल्ली में ट्रैफिक जाम से मुक्ति
उन्होंने बताया कि मोदी मिल फ्लाईओवर से IMT गेट तक बनने वाले फ्लाईओवर की दोनों साइड तीन-तीन लेन की सड़क बनेगी ताकि सुचारू रूप से वाहनों का संचालन बना रहे. वहीं, कालकाजी मंदिर से मोदी मिल जाने की साइड 1140 मीटर लंबा तीन लेन का कैरिज-वे बनेगा. इसकी विपरीत दिशा में 870 मीटर लंबा कैरिज-वे होगा. इसके साथ ही, सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को दोगुना किया जाएगा.
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि अभी मोदी मिल से IMT जाने की दिशा में ही फ्लाईओवर हैं. अब नया फ्लाईओवर IMT की साइड से मोदी मिल की ओर जाने के लिए बनेगा. इस परियोजना को ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
हजारों लोगों को मिलेगी राहत
वर्तमान में महरौली- बदरपुर रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या से रोजाना हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है. इसी परेशानी से निजात दिलाने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर के साथ पहले से मौजूद सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर को दूसरी दिशा में भी बनाने की योजना बनाई गई है.
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से ओखला, नेहरू प्लेस और ग्रेटर कैलाश कॉरिडोर पर ट्रैफिक सिग्नल और चौराहों पर ठहराव की समस्या दूर हो जाएगी. वहीं, यात्रा में लगने वाला आधा घंटा तक का समय घटकर मात्र कुछ ही मिनटों का रह जाएगा. खासकर पीक आवर्स में लोगों को राहत पहुंचेगी. वहीं, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी.
इन इलाकों को होगा फायदा
मोदी मिल और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर के निर्माण से नेहरू प्लेस, ग्रेटर कैलाश, कालकाजी और चितरंजन पार्क सहित कई अन्य इलाकों की आबादी को ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. इसके साथ ही यहां से रोजाना आवागमन करने वाले हजारों लोगों को सिग्नल फ्री सफर का अनुभव मिलेगा. इनके निर्माण से कैप्टन गौड़ मार्ग, बाहरी रिंग रोड और बाहरी रिंग रोड- जीके2 से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी.