नई दिल्ली | देशभर में एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत देने वाली खबर सामने आई है. केंद्र सरकार ने टोल टैक्स को लेकर एक अहम फैसला लिया है जिसमें अब एक्सप्रेसवे पर यात्रा करना पहले की तुलना में अधिक सस्ता हो गया है. अगर कोई एक्सप्रेसवे पूरी लंबाई में चालू नही है तो यात्रियों से सिर्फ चालू एक्सप्रेसवे का टोल लिया जाएगा. नए टोल नियम 15 फरवरी से लागू होंगे.
क्या कहता है नया नियम?
सरकार ने नेशनल हाईवे फीस (निर्धारण और संग्रह ) नियम 2008 में संशोधन किया है. नए बदलाव के अनुसार, यदि कोई नेशनल एक्सप्रेसवे शुरू से लेकर अंत तक पूरी तरह तैयार नहीं है तो टोल टैक्स उसी हिस्से का लगेगा जो हिस्सा पूरी तरह चालू है. इसके साथ ही टोल दरें भी नेशनल हाईवे के हिसाब से ली जाएगी, जो एक्सप्रेसवे की तुलना में कम होती है. अब तक जो एक्सप्रेसवे पूरी तरह चालू नहीं है, उसका टोल टैक्स भी लिया जाता था, जिससे कई बार यात्रियों ने इसका विरोध किया है.
ट्रांसपोर्ट को फायदा
सरकार के इस फैसले के बाद निजी वाहन चालको और ट्रांसपोर्ट दोनों को फायदा होने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर कम असर पड़ेगा और इससे लंबी दूरी करने वाले लोगों को अधिक फायदा होगा. सरकार का उद्देश्य नए नियमों के द्वारा टोल प्रणाली को सरल एवं सुगम बनाना है. 15 फरवरी से लागू होने वाले नए नियमों के बाद एक्सप्रेसवे पर सफर पहले से अधिक किफायती होगा. यात्रियों को सलाह है कि नए नियमों की जानकारी पहले प्राप्त कर ले, ताकि सफर के दौरान किसी तरह की असुविधा का सामना ना करना पड़े.
