नई दिल्ली | 1 फरवरी को पेश किए गए केंद्रीय बजट में दिल्ली- NCR के लिए हाईस्पीड ट्रेन कॉरिडोर की महत्वपूर्ण घोषणा हुई है. केंद्र सरकार ने देशभर में 7 नए कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया है जिनमें दिल्ली- वाराणसी मार्ग प्रमुख हैं. इस प्रोजेक्ट की खासियत यह रहेगी कि नोएडा एयरपोर्ट को भी इस नेटवर्क से कनेक्ट किया जाएगा जिससे लोगों को बड़े स्तर पर फायदा होगा.
इन प्रोजेक्ट्स के पूरा होने पर दिल्ली से वाराणसी की दूरी मात्र साढ़े 3 घंटे में पूरी हो जाएगी. दिल्ली से वाराणसी के लिए चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन का कॉरिडोर गौतमबुद्ध नगर जिले को भी कवर करेगा.
दिल्ली में इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
गौतमबुद्ध नगर में हाईस्पीड ट्रेन के दो स्टेशन बनेंगे. नोएडा एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर (GTC) में इस रूट का भूमिगत स्टेशन बनाने के लिए नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHRCL) और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के बीच सहमति पहले ही बन चुकी है.
केंद्रीय बजट में इस रूट के शामिल होने के बाद अब इस प्रस्ताव को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा. दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली बुलेट ट्रेन के लिए गौतमबुद्ध नगर में दो स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है. सराय काले खां से चलकर बुलेट ट्रेन का पहला स्टेशन नोएडा के सेक्टर-148 में होगा. इसके बाद दूसरा स्टेशन सीधे जेवर में बन रहे नोएडा एयरपोर्ट के लिए GTC में भूमिगत बनेगा.
मिनटों में पूरा होगा सफर
दावा किया गया है कि सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट तक 70 किलोमीटर की यह दूरी बुलेट ट्रेन के जरिए मात्र 21 मिनट में पूरा हो जाएगी. रेलवे ट्रैक नोएडा और ग्रेनो एक्सप्रेसवे के ऊपर से बीचोंबीच यानि सड़क के दोनों लेन के बीच के हिस्से पर एलिवेटेड का निर्माण होगा. इसी तरह यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए एयरपोर्ट के GTC तक जाएगा. बुलेट ट्रेन संचालित होने पर देश- दुनिया से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सेवा का लाभ उठाने वाले यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में तेज गति का विकल्प मिलेगा.
