नई दिल्ली | स्वतंत्रता दिवस 2026 को देखते हुए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है. हवाई अड्डे के संचालक डायल (DIAL) ने यात्रियों के लिए जरूरी सलाह जारी करते हुए उनसे यात्रा की योजना पहले से बनाने और एयरपोर्ट पर निर्धारित समय से पहले पहुंचने की अपील की है. डायल के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा जांच में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लग सकता है.

ऐसे में यात्रियों को अंतिम समय की भागदौड़ और अनावश्यक तनाव से बचने के लिए पर्याप्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी गई है. डायल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और यात्रा को सुचारू बनाए रखने के लिए उसकी टीम सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है.
यात्रियों से सहयोग की अपील
एयरपोर्ट पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया गया है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो. डायल ने यात्रियों से सुरक्षा जांच के दौरान सहयोग और समझदारी बरतने की अपील की है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी और समय की योजना बना लें. सुरक्षा व्यवस्था के कारण लगने वाले अतिरिक्त समय को ध्यान में रखकर पहले पहुंचने से यात्रा अधिक सुविधाजनक और तनावमुक्त रह सकती है.