नई दिल्ली | देश में LPG रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच लोगों में घबराहट पैदा हो गई है. कई जगह लोग लंबी- लंबी कतारें लगाकर सिलेंडर ले रहे है तो कोई जल्दी- जल्दी सिलेंडर बुक करा रहे है. इस दौरान गैस एजेंसियों पर भीड़ साफ नजर आ रही है. इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि घरेलू LPG सिलेंडर की डिलीवरी सामान्य समय पर ही होगी, इसके लिए घबराने की जरूरत नहीं है.
ढाई दिन में मिलेगा सिलेंडर
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर सामान्य डिलीवरी साइकिल लगभग ढाई दिन ही है यानि अगर आप आज सिलेंडर बुक करते है तो लगभग ढाई दिन के बाद सिलेंडर की डिलीवरी आपके घर पर हो जाएगी. सरकार ने गैस की जमाखोरी को रोकने के लिए भी एक फैसला लिया है. इसके अनुसार, अब एक सिलेंडर मिलने के बाद आपको दूसरे सिलेंडर के लिए कम से कम 25 दिन का इंतजार करना पड़ेगा जोकि पहले 21 दिन था.
आयात पर निर्भरता भी कारण
भारत अपनी LPG की जरूरत का लगभग 60% हिस्सा आयात करता है और आयातित LPG का 90% हिस्सा ईरान के पास हर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते से आता है जो युद्ध से प्रभावित है. इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने रिफाइनरियों को LPG उत्पादन बढ़ाने का निर्देश दिया है जिससे घरों में गैस की कमी न हो. बता दें कि पिछले कुछ दिनों में घरेलू LPG उत्पादन लगभग 25% बढ़ाया गया है.
सरकार ने लोगों से अपील की है कि घबराहट में आकर सिलेंडर बुक ना करें बल्कि जरूरत के हिसाब से ही सिलेंडर लें. किसी भी अफवाह पर ध्यान ना दें, सामान्य डिलीवरी व्यवस्था जारी रहेगी.
