नई दिल्ली | राजधानी की राष्ट्रीय सरकार की दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को 27 अगस्त से पेंशन का आधिकारिक पत्र मिलना शुरू हो जाएगा. इसके लिए तालकटोरा स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. वहीं, 1 सितंबर से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में योजना की समीक्षा बैठक की. इसमें मुख्य सचिव राजीव वर्मा के अलावा जिला स्तरीय स्वीकृति, निगरानी एवं शिकायत निवारण समितियों के अध्यक्ष और पदाधिकारी शामिल हुए.

मुख्यमंत्री ने योजना के तहत आवेदनों की जांच और उनके निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा की. उन्होंने समितियों के काम की सराहना करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की गंभीरता से जांच करने और तय समयसीमा में उसका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
आवेदन फाइनल सबमिट
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी आवेदन में दी गई जानकारी संदिग्ध मिलती है तो उसकी पूरी जांच की जाए. किसी भी स्तर पर जल्दबाजी में निर्णय लेने के बजाय पात्रता और दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए. सरकार के अनुसार, 5 लाख से अधिक आवेदन फाइनल सबमिट किए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने इसे महिलाओं की ओर से योजना को मिला अभूतपूर्व समर्थन बताया.
बैंक खातों में ट्रांसफर
अब आवेदनों की जांच और पात्र लाभार्थियों को पेंशन स्वीकृत करने की प्रक्रिया के बाद 27 अगस्त से आधिकारिक पत्र दिए जाएंगे. इसके बाद 1 सितंबर से पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी. सरकार का लक्ष्य योजना के तहत पात्र महिलाओं तक आर्थिक सहायता समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है.