नई दिल्ली | जब भी नए सीजन की शुरुआत होती है तो लोग कपड़े आदि खरीदने के लिए बाजारों का रुख करते हैं. अभी भी गर्मी का सीजन चल रहा है. सीजन शुरू हुए काफी समय हो चुका है, लेकिन फिर भी लोग गर्मियों के कपड़े खरीदने के लिए बाजार पहुंच रहे हैं. ऐसे में अगर आप भी कम कीमत पर अच्छे कपड़े खरीदना चाहते हैं तो आपको दिल्ली की एक खास मार्केट में पहुंच जाना चाहिए.
रेट के मामले में यह मार्केट सरोजिनी नगर और जनपथ को भी टक्कर देती नजर आती है. यहां आपको वेस्टर्न से ज्यादा इंडियन वेयर कपड़ों का कलेक्शन देखने को मिल जाता है. यहां मिलने वाले कपड़े क्वालिटी में तो खास होते ही हैं. साथ ही, उनकी कीमत भी कम होती है.
यहां मिलेगी वैरायटी
जिस मार्केट की हम बात कर रहे हैं, वह साउथ दिल्ली के ओखला में स्थित है. इसे बाटला हाउस मार्केट के नाम से भी जाना जाता है. यहां सूट, साड़ी और लहंगे की खरीदारी करने वालों को काफी ज्यादा वैरायटी मिल जाती है. दिल्ली ही नहीं बल्कि आसपास के इलाकों के लोग भी यहां शॉपिंग करने के लिए आते हैं.
राजधानी की सबसे पुरानी मार्केट में से समझी जाने वाली इस मार्केट में दुकानों पर तो सामान मिलता है. साथ ही, पटरी पर भी काफी ज्यादा वैरायटी के कपड़े देखने को मिल जाते हैं. आप अपने बजट के हिसाब से कपड़ों को पसंद कर सकते हैं.
₹100 से शुरू होती है शॉपिंग
बात करें अगर इनके रेट्स की, तो यहां आपको केवल ₹100 में शॉर्ट कुर्ती, ₹300 में लॉन्ग कुर्ती और ₹500 में कोट मिल जाते हैं. इसके अलावा, ₹1000 में डिजाइनर सूट और ₹2000 में लहंगा भी खरीदा जा सकता है. इन गर्मियों के सीज़न में अगर आप कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो आपको इस मार्केट पर तुरंत पहुंच जाना चाहिए. यहां कपड़े, ज्वेलरी, फुटवियर से लेकर सब कुछ बहुत ही कम दामों में मिल जाता है. यह मार्केट सुबह 10 से रात 10 बजे तक खुलती है और इसका नजदीकी मेट्रो स्टेशन जामिया मिलिया इस्लामिया है.
