नई दिल्ली | भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने देशभर की महिलाओं की प्राइवेसी को सुरक्षित रखने वाला एक खास फीचर लॉन्च किया है. ‘कवच’ नाम के इस फीचर की बदौलत महिलाएं अब ऑफलाइन रिचार्ज कराते समय अपने असली मोबाइल नंबर को दुकानदार के साथ शेयर किए बिना भी रिचार्ज करवा सकेगी. अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर BSNL द्वारा इस सुविधा की शुरुआत की गई है.
ऐसे काम करेगा कवच फीचर
कई बार सामने आया है कि जब महिलाएं अपना रिचार्ज कराने के लिए किसी दुकानदार को अपना मोबाइल नंबर बताती है तो उस नंबर के गलत तरीके से इस्तेमाल होने का खतरा बना रहता है. इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए BSNL द्वारा कवच फीचर लॉन्च किया गया है जो महिलाओं के मोबाइल नंबर को निजी रखने में मदद करेगा. इस फीचर के तहत महिलाएं अपने असली मोबाइल नंबर की जगह एक अस्थायी 10 अंकों का नंबर जनरेट कर सकती हैं.
यह नंबर उनके असली BSNL नंबर से लिंक रहता हैं लेकिन दुकानदार को असली नंबर दिखाई नहीं देता. महिला यूजर इस अस्थायी नंबर को रिचार्ज कराने के लिए दुकानदार को बता सकती है. ध्यान देने वाली बात यह है कि यह नंबर स्थायी नहीं होता. यह बिल्कुल OTP की तरह कुछ समय बाद एक्सपायर हो जाता है इसलिए जब भी यूजर को रिचार्ज कराना होगा, उसे हर बार नया अस्थायी नंबर जनरेट करना होगा.
ऐसे एक्टिव होगा कवच फीचर
- महिला यूजर सबसे पहले अपने मोबाइल फोन से 1800, 180, 1503 या 1500 नंबर डायल करके कॉल करें.
- कॉल कनेक्ट होने के बाद 9 दबाकर कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव से बात करें और उनसे कवच फीचर एक्टिवेट करने के लिए कहें.
- यह प्रकिया पूरी होने के बाद यूजर के फोन पर मैसेज के जरिए एक 10 अंकों का अस्थाई नंबर भेजा जाएगा.
- रिचार्ज कराते समय महिला यूजर इस नंबर को दुकानदार को बता सकती है.
- BSNL Self Care ऐप्लिकेशन के जरिए भी इस फीचर को एक्टिवेट किया जा सकता है.
महिलाओं को मिलेगी सुरक्षा
BSNL का यह फीचर सुरक्षा की दृष्टि से महिलाओं के लिए काफी फायदेमंद साबित होगा. खास तौर पर टियर- 3 और टियर- 4 शहरों में रहने वाली महिलाओं को इससे अपना मोबाइल नंबर प्राइवेट रखने की सुरक्षा मिलेगी. उनके लिए ऑफलाइन रिचार्ज के दौरान अपनी पहचान और मोबाइल नंबर सुरक्षित रखना आसान हो जाएगा.
