दिल्ली में कांवड़ियों का सैलाब, 11 अगस्त तक इन रास्तों पर लग सकता है जाम; ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

नई दिल्ली | सावन शिवरात्रि 11 अगस्त को है. इसे देखते हुए हरिद्वार और गंगोत्री से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों की संख्या दिल्ली की सड़कों पर लगातार बढ़ रही है. कांवड़ियों की सुरक्षा और आम वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार से 11 अगस्त तक कांवड़ मार्गों पर भारी व्यावसायिक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है.

Kanwar Yatra 1

लोगों को भीड़ और जाम से बचने के लिए प्रमुख व्यस्त मार्गों से दूरी बनाने तथा वैकल्पिक रास्तों या मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है. विशेष रूप से गुरुग्राम और आईजीआई एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो से सफर करने की सलाह दी गई है.

पुलिस कर्मी तैनात

कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 1,829 कर्मियों की तैनाती की है. कांवड़ शिविरों के आसपास निगरानी बढ़ाई गई है. प्रमुख सड़कों पर एक से दो लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रखी गई हैं. ट्रैफिक पुलिस ने अक्षरधाम- धौला कुआं मार्ग, दक्षिण- पूर्वी दिल्ली, उत्तर- पूर्वी दिल्ली, सिंघु बॉर्डर, पश्चिमी दिल्ली लिंक, एनएच- 9 और बदरपुर मार्ग के अलावा नोएडा- गुरुग्राम कनेक्टिंग मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी है. इन मार्गों पर कांवड़ियों की आवाजाही के कारण यातायात प्रभावित होने की संभावना है.

वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल

जाम से बचने के लिए उत्तर-पूर्वी दिल्ली से एम्स जाने वाले लोग दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड, गीता कॉलोनी, यमुना ब्रिज, एमजी रोड और प्रगति मैदान टनल होकर जा सकते हैं. वहीं पूर्वी दिल्ली से एम्स के लिए विकास मार्ग, आईटीओ, मथुरा रोड और डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर का इस्तेमाल किया जा सकता है. आईजीआई एयरपोर्ट जाने वालों के लिए आईटीओ, मंडी हाउस, जनपथ रोड, चाणक्यपुरी, नेल्सन मंडेला मार्ग और वसंत कुंज मार्ग से जाने का विकल्प सुझाया गया है.

यह भी पढ़े -  दिव्यांग यात्रियों को रेलवे ने दिया बड़ा तोहफा, इस स्पेशल छूट का मिलेगा लाभ
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.