नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन माने जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यात्रियों की सुविधा में इजाफा करते हुए ‘DMRC सारथी- मोमेंटम 2.0’ ऐप्लिकेशन पर यात्री मेट्रो टिकट के साथ- साथ अपनी यात्रा के पहले और आखिरी स्टेशन के लिए बाइक टैक्सी और ऑटो- रिक्शा बुकिंग की नई शुरुआत की है. इस सेवा से मेट्रो स्टेशनों और गंतव्य स्थान के बीच की दूरी घटेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी.
शहरी परिवहन में आएगी क्रांति
ऑटोपे (Autope) पेमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड के सहयोग से शुरू की गई यह पहल अलग- अलग बुकिंग की जरूरत को खत्म करती है. यह सेवा फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को आसान बनाकर शहरी परिवहन में क्रांति लाने का वादा करती है.
ऐसे काम करती है ऐप्लिकेशन
- यूजर अपने गंतव्य स्थान को ऐप में डालता है, जिसके बाद ऐप नजदीकी मेट्रो स्टेशन और सबसे बेहतर ट्रांसपोर्ट ऑप्शन सजेस्ट करता है.
- शुरुआती स्टेशन तक पहुंचने के लिए बाइक टैक्सी या ऑटो बुक किया जा सकता है.
- गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने से पहले लास्ट माइल के लिए दूसरी राइड बुक की जा सकती है.
- अगर मेट्रो स्टेशन पैदल दूरी पर है, तो ऐप वाहन का सुझाव नहीं देता. जल्द ही, पैदल नेविगेशन का विकल्प भी उपलब्ध होगा.
महिलाओं के लिए खास सुविधा
DMRC ने इस सेवा के लिए रेपिडो और महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप शीराइड्स के साथ साझेदारी की है. शीराइड्स खास तौर पर महिला यात्रियों के लिए बाइक टैक्सी सेवा प्रदान करेगा. यह ऐप मेट्रो टिकट और लास्ट माइल ट्रैवल के लिए वन- स्टॉप सॉल्यूशन देता है, जो तेज, किफायती और भरोसेमंद कनेक्टिविटी सुनिश्चित करता है.
