नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि DND फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते 18 मार्च तक वाहनों की आवाजाही पर पूर्णत रोक रहेगी. 18 मार्च तक रोजाना रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक सड़क मार्ग की रि- सरफेसिंग के लिए DND फ्लाईओवर को अस्थाई रूप से बंद रखा जाएगा.
वैकल्पिक रूट्स का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए डायवर्शन प्लान लागू किया है ताकि मरम्मत अवधि के दौरान उन्हें परेशानी से बचाया जा सके. ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि DND से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की सीधी एंट्री पर रोक रहेगी. ऐसे में लोगों को दिल्ली पहुंचने के लिए वैकल्पिक रूट्स का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचना होगा.
ट्रैफिक पुलिस की यह जानकारी देर रात ऑफिस से लौटने वाले, एयरपोर्ट जाने वाले और नाइट शिफ्ट में काम करने वाले लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जिससे वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें.
ट्रैफिक पुलिस का डायवर्ट प्लान
नोएडा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए ट्रैफिक पुलिस द्वारा दो प्रमुख रूटों पर डायवर्ट किया गया है. महामाया फ्लाईओवर की ओर से आने वाले वाहनों को दलित प्रेरणा स्थल से सीधे चिल्ला बॉर्डर की ओर भेजा जाएगा. रजनीगंधा या सेक्टर 16 की ओर से आने वाले वाहनों को DND टोल से यू- टर्न लेकर चिल्ला सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली भेजा जाएगा.
25 दिन रहेगी पाबंदी
ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि अगले 25 दिनों तक चलने वाले इस कार्य के चलते रात के समय DND फ्लाईओवर पर कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे किसी तरह की असुविधा से बचने हेतु चिल्ला बॉर्डर वाले रास्ते का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचे.
