नई दिल्ली | राजस्थान के सीकर जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर (Khatushyam Temple) जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यदि आप भी मार्च महीने की शुरुआत में हारे के सहारे श्याम प्यारे के दर्शन की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है. मार्च महीने के शुरुआती दिनों में चंद्रग्रहण के चलते खाटूश्याम मंदिर के कपाट बंद रहेंगे.
मंदिर प्रबंधन कमेटी ने दी जानकारी
श्री श्याम मंदिर प्रबंधन कमेटी की ओर से बताया गया है कि खाटू श्याम मंदिर में 3 मार्च को चंद्रग्रहण होने के कारण आम दर्शन स्थगित रहेंगे. कमेटी के अनुसार, 3 मार्च को पूरे दिन दर्शन बंद रहेंगे और 4 मार्च की सुबह निर्धारित समय पर मंदिर के कपाट दोबारा श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे. इसके बाद, 4 मार्च की रात 10 बजे से फिर से मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे.
मंदिर प्रबंधन कमेटी ने आगे बताया है कि 5 मार्च को श्री श्याम प्रभु की विशेष पूजा- अर्चना और तिलक होने के कारण बाबा श्याम के दर्शन 4 मार्च राय 10 बजे से 5 मार्च को शाम 5 बजे तक मंदिर बंद रहेगा. ऐसे में जो भी श्रद्धालु इस तारीख को खाटू श्याम के दर्शन के लिए आ रहा है वो शाम 5 बजे के बाद दर्शन कर सकेंगे. कमेटी ने श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं में सहयोग की अपील की है.
कल खत्म होगा वार्षिक फाल्गुनी मेला
खाटूश्याम मंदिर पर आयोजित हो रहे वार्षिक फाल्गुनी मेले का कल समापन हो रहा है. यह मेला 21 से 28 फरवरी तक आयोजित हो रहा है. इस मेले में देश के कोने- कोने से लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन करने पहुंच रहे हैं.
