नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से आमजन के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सीएम रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार ने राजधानी के लोगों को होली पर्व पर शानदार तोहफा दिया है. दिल्ली में घूमने के शौकीन लोगों को इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा शुरू
दिल्ली की सड़कों पर अब इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा शुरू हो गई है. सीएम रेखा गुप्ता ने विजय चौक से इस आधुनिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उनके साथ पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही. विजय चौक से रवाना होकर इस बस ने प्रधानमंत्री संग्रहालय तक का सफर तय किया.
पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि नई इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस पूरी तरह से वातानुकूलित हैं जिसमें सवार होकर यात्री आरामदायक सफर का अनुभव ले सकेंगे. इसमें एक बार में लगभग 45 यात्री सफर कर सकते हैं. इस बस में यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा ताकि वे आरामदायक सफर करते हुए दिल्ली की प्रमुख इमारतों और ऐतिहासिक जगहों का भ्रमण कर सकें. इस बस में बैठे यात्री बड़े शीशों के जरिए शहर के नजारों का लुत्फ उठा सकेंगे.
इतने रुपए लगेगा किराया
इस बस में अंदर दोनों साइड डबल सीटिंग की सुविधा मिलेगी. ऊपर और नीचे जाने के लिए आगे- पीछे सीढियां लगाई गई है. इस बस में किराए की बात करें तो आम लोगों के लिए टिकट की कीमत 500 रुपए तक और 6- 12 साल के बच्चे का 300 रुपए किराया रहेगा. इन टिकटों में गाइडेड टूर शामिल हैं और यह बुकिंग ऐप या काउंटर के जरिए बुकिंग की जा सकेगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल से दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही, पर्यावरण अनुकूल परिवहन को प्रोत्साहित करने में मदद मिलेगी.
