नई दिल्ली | चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्री माता वैष्णोदेवी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि इन दिनों पर श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़- भाड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से संचालित हो रही ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार करने के फैसले को हरी झंडी दिखा दी है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) के इस फैसले से श्रद्धालुओं को राहत पहुंचेगी और उनके लिए लंबी दूरी की यात्रा करना आरामदायक हो जाएगा.
दिल्ली- कटरा- दिल्ली स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
उत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 04081, नई दिल्ली- श्री माता वैष्णोदेवी कटरा को 21 फरवरी से 8 मार्च तक संचालित किया गया था लेकिन अब इस ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है. अब यह ट्रेन 17 मार्च से 30 मार्च तक दिल्ली से कटरा के बीच सफर करेगी. दिल्ली से रवाना होकर यह ट्रेन बीच रास्ते हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला कैंट स्टेशन पर ठहराव करेगी.
इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 04082, श्री माता वैष्णोदेवी कटरा- नई दिल्ली को 22 फरवरी से 9 मार्च तक संचालित किया गया था लेकिन अब इस ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार कर दिया गया है. अब यह ट्रेन 18 मार्च से 31 मार्च तक कटरा से दिल्ली के बीच सफर करेगी. उन्होंने बताया इस स्पेशल ट्रेन को श्रद्धालुओं और यात्रियों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था जिसके बाद चैत्र नवरात्र के खास मौके को देखते हुए इस ट्रेन की संचालन अवधि में विस्तार करने का फैसला लिया गया है.
श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए खुशखबरी
चैत्र नवरात्र के दौरान श्री माता वैष्णोदेवी के दरबार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिरकत करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने दिल्ली- कटरा स्पेशल ट्रेन की सेवाओं का विस्तार किया है ताकि यात्रियों को पर्याप्त सीटें उपलब्ध कराई जा सकें और भीड़ का दबाव कम किया जा सके. इसके अलावा, कश्मीर घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह ट्रेन एक बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने का काम करेगी.
