नई दिल्ली | सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. इसी कड़ी में भारतीय रेलवे (Indian Railways) की नौकरियों की तैयारी कर रहे देशभर के लाखों दिव्यांग अभ्यर्थियों को रेलवे के एक फैसले से बड़ी राहत पहुंची हैं. बता दें कि रेल मंत्रालय रेलवे परीक्षाओं में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए बड़े बदलाव की योजना बनाई थी लेकिन इसे 30 जून तक के लिए टाल दिया गया है.

रेल मंत्रालय के इस फैसले के बाद दिव्यांग अभ्यर्थी रेलवे की आगामी RRB NTPC UG (CBT-1) परीक्षा, असिस्टेंट लोको पायलट और जूनियर इंजीनियर परीक्षा अपने सहायक के साथ परीक्षा दे सकेंगे.
भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी बनाने की योजना
रेल मंत्रालय द्वारा रेलवे भर्ती परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए नए नियम बनाए हैं. इसमें दिव्यांग अभ्यर्थियों को अपना Scribe (सहायक) लाने की बजाय, परीक्षा एजेंसी द्वारा उपलब्ध कराए गए ‘स्क्राइब पूल’ से मदद लेनी होगी, यानि रेलवे के पैनल से Scribe का चुनाव करना होगा. इसके लिए तकनीक और विशेष सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करना पड़ेगा.
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि नई व्यवस्था में एजेंसी द्वारा Scribe देने का प्रावधान है, जिसकी तैयारी अभी पूरी नहीं हैं. वहीं, दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान मिलने वाला प्रति घंटा 20 मिनट का एक्स्ट्रा समय पहले की तरह मिलता रहेगा.
मिलती रहेगी सभी सुविधाएं
उन्होंने बताया कि देशभर के परीक्षा केंद्रों पर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी ‘स्क्राइब पूल’ तैयार करने में अभी समय लगेगा, जिसके चलते नए नियमों को 30 जून तक टाल दिया गया है. वहीं, बोर्ड द्वारा जारी निर्देशानुसार दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर मिलने वाली पूर्ववत सुविधाएं मिलती रहेगी.