नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली सरकार की विद्या वाहिनी योजना (Vidya Vahini Yojana) सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए अहम पहल साबित हो सकती है. योजना के तहत कक्षा 9 में पढ़ने वाली पात्र छात्राओं को मुफ्त साइकिल दी जा रही है. इसका उद्देश्य छात्राओं के लिए स्कूल तक आने-जाने की सुविधा बढ़ाने के साथ उनकी पढ़ाई जारी रखने में मदद करना है.

खासकर उन छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा, जिन्हें रोजाना स्कूल पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. आवागमन की सुविधा बेहतर होने से छात्राओं की स्कूल में उपस्थिति बढ़ेगी और कक्षा 8 के बाद पढ़ाई छोड़ने की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी.
जुलाई 2026 में शुरू
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जुलाई 2026 में Vidya Vahini Yojana की शुरुआत की थी. योजना के पहले चरण में 3,000 से अधिक छात्राओं को साइकिल दी जा चुकी है. सरकार ने इस साल करीब 1.40 लाख छात्राओं को योजना का लाभ देने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए करीब 90 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है. योजना का लाभ छात्राओं तक पहुंचाने के लिए स्कूल स्तर पर प्रक्रिया पूरी की जा रही है. पात्र छात्राओं को मुफ्त साइकिल के लिए अलग से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी. संबंधित स्कूल प्रशासन लाभार्थी छात्राओं की सूची तैयार करेगा और पात्रता के आधार पर साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी.
दिल्ली सरकार बेटियों की शिक्षा को लगातार आसान और सुगम बना रही है।
सोमवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी द्वारा कक्षा 9 की 200 छात्राओं को विद्या वाहिनी योजना के तहत साइकिलें प्रदान की गईं। योजना के तहत अब तक 3,200+ छात्राओं को साइकिलें वितरित की… pic.twitter.com/GjhiIMVtgv
— Delhi Government (@DelhiGovDigital) August 10, 2026
नहीं करनी होगी भागदौड़
इससे अभिभावकों को आवेदन प्रक्रिया को लेकर अलग से भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी. अगर किसी पात्र छात्रा का नाम सूची में शामिल नहीं होता है तो अभिभावकों को स्कूल प्रशासन से संपर्क कर अपनी पात्रता की जानकारी देनी होगी. लंबे समय में यह पहल छात्राओं की शिक्षा और स्कूल उपस्थिति को बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है.