दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम वालों के लिए खुशखबरी; नमो भारत ट्रेन से सीधे पहुंचेंगे ऋषिकेश

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली और मेरठ के बीच संचालित नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat Train) को उत्तराखंड के ऋषिकेश तक विस्तार देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. साथ ही, दिल्ली- NCR के लाखों लोगों के लिए ऋषिकेश की यात्रा पहले से कहीं अधिक तेज, आरामदायक और सुविधाजनक हो जाएगी. इस परियोजना के शुरू होने के बाद दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लोग अपने नजदीकी मेट्रो स्टेशन से सराय काले खां, आनंद विहार, साहिबाबाद या गाजियाबाद पहुंचकर नमो भारत ट्रेन के जरिए सीधे ऋषिकेश तक सफर कर सकेंगे. इससे वीकेंड पर पहाड़ों और गंगा किनारे घूमने जाने वाले यात्रियों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी.

Namo Bharat Rapid Rail Train

योजना के तहत, नमो भारत ट्रेन को मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र तक ले जाने की तैयारी है. वर्तमान में 82 किलोमीटर लंबा दिल्ली- मेरठ नमो भारत कॉरिडोर इस विस्तार के बाद करीब 150 किलोमीटर और बढ़ जाएगा जिससे इसकी कुल लंबाई लगभग 232 किलोमीटर हो जाएगी.

दिल्ली से नमो भारत ट्रेन

नमो भारत ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चलने में सक्षम है. ऐसे में दिल्ली से ऋषिकेश तक करीब 230 किलोमीटर की दूरी लगभग 3 घंटे में पूरी की जा सकेगी. इससे सड़क मार्ग पर लगने वाला लंबा समय काफी कम हो जाएगा और यात्रियों को तेज यात्रा का विकल्प मिलेगा. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को ऋषिकेश तक बढ़ाने का प्रस्ताव सौंपा था, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है.

यह भी पढ़े -  हंगरी में काजल का कमाल, 76KG वर्ग में जीता स्वर्ण; भारत को मिला तीसरा गोल्ड

हाई स्पीड नेटवर्क

एनसीआरटीसी भविष्य में अपने नमो भारत नेटवर्क को गुरुग्राम, फरीदाबाद और नोएडा से भी जोड़ने की योजना पर काम कर रहा है. इसके तहत, दिल्ली के सराय काले खां नमो भारत स्टेशन को हाई स्पीड नेटवर्क का प्रमुख इंटरचेंज हब बनाया जाएगा. भविष्य में यह स्टेशन दिल्ली- गुरुग्राम- नीमराना- अलवर नमो भारत कॉरिडोर का भी मुख्य इंटरचेंज बनेगा. इसके अलावा, दिल्ली- सोनीपत- पानीपत- करनाल कॉरिडोर भी प्रस्तावित है.

सरकार नमो भारत नेटवर्क को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने की संभावना पर भी काम कर रही है. फिलहाल, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा के रास्ते एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी देने की योजना है. हालांकि, भविष्य में इसमें बदलाव संभव है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.