नई दिल्ली | केंद्र सरकार ने राजधानी में परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाया है जिसके तहत अब बस यात्रियों को बसों के लंबे इंतजार से राहत मिलेगी. इस पहल के तहत, सरकार द्वारा दिल्ली शहर के विभिन्न रूटों पर नई इलेक्ट्रिक बसें उतारी जाएगी जिससे बसों की उपलब्धता अधिक होगी और यात्रियों के इंतजार का समय कम होगा.
दिल्ली में नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल
सरकार को केंद्र की PM-E ड्राइव योजना के तहत 3,323 नई इलेक्ट्रिक बसें मिलेगी. इनमें 3 अलग- अलग साइज की बसें होगी जो अलग- अलग सड़कों को कवर करेगी. इसमें 500 बसें 7 मीटर लंबाई वाली, 500 बसें 12 मीटर लंबाई और 2,333 बसें 9 मीटर लंबाई वाली होगी. नई बसों के आने से लास्ट- माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी. छोटी बसों को संकरी गलियों और कॉलोनियों में चलाया जाएगा जबकि बड़ी बसें मुख्य मार्गों पर संचालित की जाएगी. इससे अब दूरदराज की कॉलोनियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बस सेवा आसान होगी और निजी वाहन एवं ऑटो पर निर्भरता कम रहेगी.
घटेगा इंतजार का समय
पिछले कुछ समय में बड़ी संख्या में पुरानी बसें सेवा से बाहर हो चुकी है. इसके कारण बसों की कमी हो गई है जिससे कई रूटों पर यात्रियों को 30 से 35 मिनट का इंतजार करना पड़ता है. सरकार ने बस रूटों की जांच करके जहां बसों की संख्या कम है, वहां बसों की संख्या बढ़ाई है. नई बसों की तैनाती के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर होने की संभावना है.
