नई दिल्ली | ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ी मंगलवार अलसुबह स्वदेश लौटे. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल- 3 पर खिलाड़ियों के स्वागत के लिए खेल प्रेमियों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ी. भारत माता की जय के नारों, ढोल- नगाड़ों और फूलों की बारिश के बीच पदक विजेताओं का जोरदार अभिनंदन किया गया.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विशेष प्रतिनिधि के रूप में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम भी एयरपोर्ट पहुंचे. उन्होंने CM की ओर से सभी पदक विजेताओं को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.
किया शानदार प्रदर्शन
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया. इस उपलब्धि के साथ भारत ने पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया. हरियाणा के 11 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया. भारत के 13 स्वर्ण पदकों में से 7 गोल्ड अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते. ये सभी स्वर्ण पदक मुक्केबाजों ने अपने नाम किए.
बेहतर नीतियों में शामिल
मीडिया से बातचीत में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खिलाड़ियों ने सात समंदर पार अपने प्रदर्शन से तिरंगे का सम्मान बढ़ाया है. उनकी यह उपलब्धि देश के करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा है और आने वाली पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने का हौसला देगी. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध करा रही है. राज्य की खेल नीति देश की सबसे बेहतर नीतियों में शामिल है, जिस कारण हरियाणा के खिलाड़ी लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं.