सुप्रीम कोर्ट से गुरमीत राम रहीम को मिला झटका, बेअदबी मामले में हाई कोर्ट की तरफ से लगी रोक हटाई

नई दिल्ली | डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम (Ram Rahim) को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है. पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट द्वारा बेअदबी मामले में उनके खिलाफ मुकद्दमे के ट्रायल पर रोक लगा दी गई थी, जिसे अब सुप्रीम कोर्ट द्वारा हटा दिया गया है. बता दें कि इसी साल मार्च में हाईकोर्ट द्वारा राम रहीम के खिलाफ कोर्ट में चल रही कार्रवाई पर रोक लगा दी गई थी, जिसे लेकर पंजाब सरकार द्वारा सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई थी. अब इस पर लगी रोक को सुप्रीम कोर्ट द्वारा हटा दिया गया है.

ram rahim

सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश बीआर गवई और न्यायाधीश केबी विश्वनाथन की खंडपीठ द्वारा सुनवाई करते हुए डेरा प्रमुख के खिलाफ ट्रायल कोर्ट में मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी गई है. डेरा प्रमुख को नोटिस जारी कर 4 सप्ताह में जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है.

पढ़ें मामला

यह घटना 1 जून 2015 की है. गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला के गुरुद्वारा साहिब से पावन स्वरूप चोरी की घटना हुई थी, जिसमें डेरा सच्चा सौदा के सात अनुयायियों को SIT द्वारा गिरफ्तार किया गया था. बेअदबी की साजिश के आरोप में गुरमीत राम रहीम व हर्ष धुरी, प्रदीप कलेर व संदीप बरेटा पर आरोप लगाए गए थे. बरगाड़ी बेअदबी मामले से जुड़े तीनों केसों में पंजाब पुलिस की एसआईटी चार्जशीट दाखिल कर चुकी है. ये तीनों ही केस बाजाखाना में दर्ज किए गए हैं. इन तीनों ही मामलों में राम रहीम के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल है.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts