नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में हज कमेटी आफ इंडिया ने हज- 2027 के लिए लॉटरी के जरिए देशभर से करीब 1 लाख 22 हजार हज यात्रियों का चयन किया है, जिसमें दिल्ली राज्य के कुल 2,706 हज आवेदकों को भी पवित्र हज यात्रा के लिए चुना गया है. दिल्ली स्टेट हज कमेटी की चेयरपर्सन कौसर जहां ने चयनित सभी हज यात्रियों को बधाई देते हुए कहा कि कमेटी हर यात्री को समय पर सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

हज कमेटी के कार्यकारी अधिकारी अशफाक अहमद आरफी ने पूरी चयन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि चयनित 2,706 हज यात्रियों में 65 साल से अधिक उम्र के 440 यात्री, 45 साल या उससे अधिक उम्र की बिना महरम महिलाओं की श्रेणी में 34 यात्री, बैकलॉग श्रेणी में 81 और सामान्य श्रेणी में 2,151 यात्रियों को चुना गया है.
हज- 2027 की लॉटरी जारी
उन्होंने बताया कि सभी चयनित हज यात्रियों को 10 अगस्त तक एक लाख 52 हजार 300 रुपये प्रति व्यक्ति की अग्रिम हज राशि जमा करानी अनिवार्य होगी, जिसे हज कमेटी आफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन या फिर स्टेट बैंक आफ इंडिया व यूनियन बैंक आफ इंडिया की किसी भी शाखा के जरिए जमा कराया जा सकता है. उन्होंने आगाह किया कि तय तारीख तक अग्रिम राशि जमा न कराने पर संबंधित यात्री की हज सीट रद्द भी की जा सकती है.
मिला मौका
हज- 2027 के लिए दिल्ली राज्य से कुल 5,306 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि दिल्ली की मुस्लिम आबादी के अनुपात के हिसाब से राज्य का हज कोटा महज 1,241 सीटों का ही था. इस तरह चयनित कुल 2,706 हज यात्रियों में से 1,465 यात्रियों का चयन अन्य राज्यों के बचे हुए हज कोटे से मिली अतिरिक्त सीटों के जरिए किया गया है.