नई दिल्ली | देशभर के करोड़ों राशनकार्ड धारकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. बता दें कि केंद्र सरकार गरीबी रेखा से नीचे आने वाले सभी लोगों को मुफ्त में राशन मुहैया कराती है. कोरोना काल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस योजना की शुरुआत की गई थी और हर साल गरीब परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से इस योजना का विस्तार किया जाता रहा है. इसी कड़ी में इस योजना से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है.
एक साथ मिलेगा 3 महीने का अनाज
केंद्र सरकार ने देशभर के सभी राशनकार्ड धारकों को अप्रैल महीने में एक साथ तीन महीने का अनाज देने की घोषणा की है. खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा है कि अप्रैल महीने में सभी राशनकार्ड लाभार्थियों को तीन महीने (अप्रैल, मई और जून 2026) का राशन एक साथ मिलेगा.
इसके लिए सभी लाभार्थी अपनी नजदीकी राशन डिपो से निर्धारित समय पर राशन प्राप्त कर सकते हैं. एक साथ तीन महीने का राशन वितरण किस वजह से किया जा रहा है. इसके पीछे सरकार की ओर से कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है. बताया जा रहा है कि देशभर में गोदाम अनाज से भरे पड़े हैं और अभी रबी सीजन की गेहूं खरीद शुरू होनी है. उससे पहले सरकार एक साथ तीन महीने का अनाज वितरित कर गोदामों को खाली कर रही है ताकि नई फसल के रखने का इंतजाम किया जा सकें.
पारदर्शिता से हेरा- फेरी पर अंकुश
खाद्य राज्यमंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में आधुनिक तकनीक के उपयोग के परिणामस्वरूप सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अपात्र राशनकार्डों को खत्म करने में सफलता हासिल की है. हरियाणा में सबसे ज्यादा 13.43 लाख अपात्र राशनकार्डों को खत्म किया गया है.
