नई दिल्ली | अगर आप चाय पीने के शौकीन हैं और बड़े- बड़े कैफे या रेस्टोरेंट्स में जाकर चाय की चुस्कियां लेना पसंद करते हैं, तो जरा सोचिए क्या आप 26 कब्रों के ठीक बगल में बैठकर चाय पी सकते हैं. सुनने में यह बात थोड़ी अजीब लग सकती है, लेकिन भारत में सच में एक ऐसा रेस्टोरेंट मौजूद है, जहां लोग बड़े आराम से कब्रों के बीच बैठकर चाय और खाना एन्जॉय करते हैं. यह अनोखा रेस्टोरेंट गुजरात के अहमदाबाद शहर में स्थित है. इसकी सबसे बड़ी पहचान यही है कि यहां कब्रों के बीचोंबीच खाना- पीना परोसा जाता है.

करीब 75 साल पुराने इस रेस्टोरेंट में हर रोज सैकड़ों लोग पहुंचते हैं. हैरानी की बात यह है कि यहां मौजूद कब्रों को कभी हटाया नहीं गया, बल्कि पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ इन्हें संभालकर रखा गया है. यह जगह आज दुनिया के सबसे अनोखे रेस्टोरेंट्स की सूची में शुमार हो चुकी है.
अनोखा रेस्टोरेंट
अब सवाल उठता है कि कब्रों के बीच यह रेस्टोरेंट आखिर बना कैसे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 75 साल पहले जब इस रेस्टोरेंट का निर्माण शुरू हुआ था, तब जमीन पर खुदाई के दौरान 16वीं सदी के सूफी संतों और उनके परिवार से जुड़ी कुछ कब्रें मिली थीं. उस समय रेस्टोरेंट के मालिक कृष्णन कुट्टी ने इन कब्रों को हटाने के बजाय बिना किसी छेड़छाड़ के सुरक्षित रखने का फैसला किया.
उन्होंने हर कब्र के इर्द- गिर्द लोहे की रेलिंग लगवाई और बची हुई जगह में टेबल- कुर्सियां सजाकर अपना रेस्टोरेंट शुरू कर दिया. आज 75 साल बाद भी इस रेस्टोरेंट के भीतर कुल 26 कब्रें मौजूद हैं, और लोग उन्हीं के बीच बैठकर खाना खाते हैं.
कब्र की रोजाना सफाई
गौर करने वाली बात यह है कि यहां कब्रों को सिर्फ सजावट की तरह नहीं रखा गया है, जैसा कि आजकल कई रेस्टोरेंट्स में विंटेज चीजों के साथ किया जाता है. यहां हर कब्र की रोजाना सफाई होती है, उन पर फूल चढ़ाए जाते हैं और सम्मान में दुआ भी पढ़ी जाती है. रेस्टोरेंट के ठीक बगल में एक दरगाह भी मौजूद है, इसीलिए यहां आने वाले लोग इस जगह की धार्मिक भावनाओं का पूरा ख्याल रखते हैं. पहली बार इसके बारे में सुनने या यहां आने वालों को यह जगह जरूर अलग लगती है, लेकिन अहमदाबाद के लोगों के लिए यह रेस्टोरेंट अब उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है और कब्रों के बीच बैठकर खाना उनके लिए आम बात हो गई है.
यहां परिवार, पढ़ाई करने वाले छात्र, ऑफिस जाने वाले लोग और देश- विदेश से आए टूरिस्ट बड़ी तादाद में पहुंचते हैं. अपने अनोखे माहौल की वजह से यह रेस्टोरेंट अहमदाबाद के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट्स में भी गिना जाने लगा है.
नेता भी पी चुके हैं चाय
स्थानीय लोगों के बीच इस जगह को लेकर दिलचस्प मान्यता भी प्रचलित है. अगर किसी बड़े इंटरव्यू, परीक्षा, बिजनेस मीटिंग या किसी खास काम से पहले यहां चाय पी जाए, तो किस्मत साथ देती है और काम बनने की संभावना बढ़ जाती है. इस मान्यता का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है फिर भी कई लोग आज भी इस पर यकीन करते हैं. समय- समय पर यह रेस्टोरेंट अलग- अलग वजहों से चर्चा में भी रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी अहमदाबाद दौरे के दौरान यहां चाय पी चुके हैं. इसके अलावा, मशहूर टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ की शूटिंग भी यहीं हुई थी, जिसके बाद इस जगह की लोकप्रियता और भी बढ़ गई.