नई दिल्ली | देश के सबसे स्वच्छ शहर का बार-बार खिताब जीतने वाले मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से खूबसूरती से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. आपने रेलवे स्टेशनों पर अभी तक सिर्फ बाग- बगीचे या फूलों की क्यारियां ही देखी होगी लेकिन इंदौर रेलवे स्टेशन की एक विशेष खासियत लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है.
खूबसूरत गार्डन की मनमोहक अदा
इंदौर रेलवे स्टेशन पर खूबसूरती की बात करें तो यहां 2 प्लेटफॉर्म के बीच एक बेहद ही खूबसूरत गार्डन बना हुआ है, जिसमें खिले हुए रंग- बिरंगे फूल लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं. पूरा स्टेशन फूलों की महक से भरा रहता है जो न केवल यात्रियों को सुकून देता है बल्कि खूबसूरती से उनके मन को भी मोह लेता है.
इंदौर रेलवे स्टेशन अपनी इस खासियत की बदौलत एक नई पहचान बना चुका है. यहां पटरियों के बीचोंबीच विकसित किए गए गार्डन में खुशबूदार फूल और औषधीय पौधों की भरमार है. इनकी मनमोहन खुशबू से पूरा स्टेशन महकता रहता है और यात्रियों को अलग ही सुकून का अनुभव कराता है. इतना ही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वेस्ट से बेस्ट परिकल्पना को साकार करते हुए यहां रेलवे ने कबाड़ में फेंकी गई वस्तुओं से सुंदर कलाकृतियां भी बनाई है, जो देखने में बहुत ही खूबसूरत लगती है.
वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस
अमृत भारत योजना के तहत, इंदौर रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस बनाने का काम शुरू हो चुका है. यहां यात्रियों को एयरपोर्ट की तर्ज पर स्वचालित सीढियां, समय- सारणी के लिए बड़ी एलईडी, फूड कोर्ट, साफ-सुथरे शौचालय, पीने का साफ पानी, वातानुकूलित विश्राम गृह, सीसीटीवी कैमरे सहित कई अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
