नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए एक नई अपडेट सामने आई है. बता दें कि दिल्ली सरकार द्वारा बढ़ती ट्रैफिक समस्या को कम करने और शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए नजफगढ़ नाले के किनारे एक बड़ी सड़क परियोजना शुरू की जा रही है. PWD ने इस परियोजना पर काम करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट (DPR) तैयार की जा रही है. इस परियोजना के पूरा होने से अन्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा. पश्चिमी दिल्ली से नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के लिए भी आवाजाही आसान होगी.

लगभग 450 करोड़ रूपए बजट
दिल्ली सरकार ने इस परियोजना के लिए लगभग 450 करोड़ रूपए के बजट का प्रावधान किया है.इस परियोजना के तहत नजफगढ़ नाले के पास लगभग 60 से 61 किलोमीटर लंबी सड़क विकसित की जाएगी, जो नाले के दोनों किनारों पर साढ़े 31-31 किलोमीटर में बंटेगी. इस सड़क को इस तरह बनाया जाएगा कि यह न केवल वाहनों बल्कि पैदल चलने वालों और साइकिलिंग के लिए भी बेहतर होगी. इसके साथ ही जॉगिंग ट्रैक, स्ट्रीट लाइट, ड्रेनेज सिस्टम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएगी.
IGI एयरपोर्ट तक आसान पहुंच
यह परियोजना कई प्रमुख सड़कों को आपस में जोड़ने का कार्य करेगी, जिससे ट्रैफिक नेटवर्क मजबूत होगा. यह सड़क आउटर रिंग रोड, इनर रिंग रोड, पंखा रोड, नजफगढ़ रोड और अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER- II) जैसी महत्वपूर्ण सड़कों को आपस में जोड़ेगी. इससे नजफगढ़, द्वारका, उत्तम नगर, विकासपुरी, राजौरी गार्डन और पश्चिम विहार जैसे क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.
वर्तमान में इन इलाकों के बीच यात्रा करने में लोगों को अधिक समय लगता है और कई जगहों पर भारी ट्रैफिक का सामना करना पड़ता है, लेकिन नई सड़क बनने से उन्हें दूसरे रास्ते का ऑप्शन मिल जाएगा. इसके साथ ही इससे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे तक पहुंच भी आसान और तेज होगी, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.