नई दिल्ली | पश्चिम बंगाल और असम सहित कई अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव के मतदान के बाद महंगाई का बम फटा है. मई महीने की शुरुआत आमजन के लिए महंगाई का जबरदस्त झटका लेकर आई है. बता दें कि LPG गैस सिलेंडर की कीमत में 1,000 रुपए तक की बढ़ोतरी हुई है. अब सिलेंडर खरीदने के लिए जेब को और ज्यादा ढीली करना होगा.

दिल्ली- मुंबई में नई कीमत
बता दें कि 1 मई यानि आज से 19 किलोग्राम भारवर्ग वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 1 हजार रुपए तक बढ़ोतरी हुई है. सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल द्वारा जारी नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रुपए की भारी- भरकम बढ़ोतरी हुई है जिसके बाद इसकी नई कीमत 3071.50 रुपए हो गई है जबकि पहले 2078.50 रुपए देने पड़ते थे.
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमत 3,024 रुपए हो गई है जबकि पहले 2031 रुपए में मिलता था. यहां भी सिलेंडर 993 रुपए महंगा हुआ है. चेन्नई में कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमत 3,237 रुपए पहुंच गई है जबकि पहले 2,246.50 रुपए थी. कोलकाता में सबसे ज्यादा 994 रुपए की बढ़ोतरी के बाद नई कीमत 3,202 रुपए हो गई है जबकि पहले 2,208 रुपए का मिलता था.
होटल- रेस्टोरेंट में खाना होगा महंगा
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भारी-भरकम बढ़ोतरी ने होटल- रेस्टोरेंट और ढाबे चलाने वालों की टेंशन बढ़ा दी है. अब उन्हें मोटी रकम चुकाकर सिलेंडर खरीदना पड़ेगा. इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की जेब पर भी पड़ेगा क्योंकि उन्हें अब बाहर खाने के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी. हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत स्थिर बनी हुई है.