नई दिल्ली | होली पर्व के ठीक बाद आमजन को मंहगाई का जोरदार झटका लगा है. केंद्र सरकार ने घरेलू LPG रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है. देशभर में सिर्फ 14.2 किलोग्राम भारवर्ग वाला सिलेंडर ही नहीं बल्कि साथ ही 19 किलोग्राम भारवर्ग वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी हुई है. दोनों श्रेणी के गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी 7 मार्च यानी आज से लागू हो गई है.

घरेलू रसोई गैस सिलेंडर हुआ महंगा
घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी हुई है. सूत्रों के मुताबिक, इस बढ़ोतरी के बाद रसोई गैस सिलेंडर की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में नई कीमत 853 रुपए से बढ़कर 913 रुपए हो गई है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में नई कीमत 912.50 रुपए हो गई है जबकि चेन्नई में नई कीमत 868.50 रुपए से बढ़कर 928.50 रुपए हो गई है.
कमर्शियल सिलेंडर के फिर बढ़े दाम
इसी तरह 19 किलोग्राम भारवर्ग वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में भी इसी तारीख से 115 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा.
दिल्ली में अब इसकी नई कीमत 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गई है. मुंबई में यह 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये हो गई है. कोलकाता में कीमत 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गई है.
सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव
तेल कंपनियों ने रसोई गैस के बुकिंग पीरियड को 21 से 25 दिन लागू कर दिया है. उदाहरण के तौर पर यदि किसी उपभोक्ता ने कोई रसोई गैस सिलेंडर 4 तारीख को बुक करवाया है. 5 तारीख को सिलेंडर डिलीवर हो गया तो वह अगली बुकिंग डिलीवरी के 21 या 25 दिन बाद ही कर पाएंगे. अलग- अलग कंपनियों के अलग- अलग बुकिंग पीरियड हैं.