गुरुग्राम | दिल्ली- जयपुर हाईवे पर मानेसर गांव में बनने वाले एलिवेटेड के निर्माण कार्य के चलते शनिवार देर रात से ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. दिल्ली से जयपुर जाने वाली लेन को बंद कर वाहनों को सर्विस लेन से निकाला जा रहा है. रविवार को ट्रैफिक का दबाव अपेक्षाकृत कम रहने के कारण स्थिति सामान्य रही. हालांकि, पिछले सप्ताह ट्रायल के दौरान सर्विस लेन पर लंबा जाम लग गया था. निर्माण कार्य को देखते हुए प्रशासन ने बड़े वाहनों के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

दिल्ली से जयपुर जाने वाले भारी कमर्शियल वाहनों को अब आइएमटी चौक से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. इन वाहनों को आइएमटी क्षेत्र के अंदर से झुंड सराय और केएमपी एक्सप्रेस वे होते हुए पचगांव चौक के रास्ते आगे भेजा जाएगा. इसके लिए हाईवे पर जल्द ही सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे.
दिल्ली- जयपुर हाईवे
जयपुर से दिल्ली आने वाले भारी वाहनों के लिए भी रूट डायवर्ट किया गया है. पचगांव चौक और आइएमटी चौक पर बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि बड़े वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से ही निकाला जा सके. प्रशासन ने ऐसे वाहनों को केएमपी एक्सप्रेस वे, टीसीआई चौक और आइएमटी सेक्टर- 8 के रास्ते दिल्ली- जयपुर हाईवे तक पहुंचने की सलाह दी है. जाम की स्थिति से निपटने के लिए ट्रैफिक मार्शल तैनात किए गए हैं. वहीं, आइएमटी चौक से गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी. छोटी गाड़ियों के लिए मानेसर आने- जाने में किसी प्रकार की रोक नहीं रहेगी.
ट्रैफिक बदलाव
एनएचएआई की ओर से मानेसर गांव में बनने वाले इस एलिवेटेड पर करीब 47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. परियोजना का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. इसके चलते मानेसर क्षेत्र को नो- एंट्री जोन में भी शामिल किया गया है. एचएसआईआईडीसी ने क्षेत्र के सभी औद्योगिक संस्थानों को ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है. मानेसर मार्केट आने वाले वाहनों के लिए सेक्टर-2 स्थित एचएसआईआईडीसी कार्यालय के सामने अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था की गई है. सर्विस लेन पर खड़े वाहनों के कारण अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बदला रूट
रविवार को भी दिल्ली से जयपुर जाने वाली दिशा में कई वाहन सर्विस लेन पर खड़े दिखाई दिए, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ. बस यात्रियों की सुविधा के लिए आइएमटी चौक पर पावर हाउस के सामने अस्थायी बस स्टॉप बनाया जाएगा. मानेसर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण यादव ने कहा कि शुरुआती 1- 2 दिन कुछ दिक्कतें आ सकती हैं, लेकिन जल्द ही ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य हो जाएगी. उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और निर्धारित रूट का पालन करने की अपील की है.