नई दिल्ली | हर बार जब सीजन बदलता है तब लोग कपड़ों की खरीदारी करने के लिए बाजार का रुख करते हैं. अब गर्मी का सीजन रफ्तार पकड़ चुका है. ऐसे में लोगों को गर्मी के कपड़ों की जरूरत महसूस हो रही है. अगर आपका मन भी खरीदारी करने का है और जेब का बजट कम है तो घबराएं नहीं. राजधानी दिल्ली में ही ऐसी जगह है, जहां पर आप बेहद कम कीमत पर गर्मियों के लिए स्टाइलिश और ब्रांडेड कपड़े तक खरीद सकते हैं.
सरोजिनी और जनपथ को छोड़ा पीछे
आमतौर पर जब भी सस्ती और किफायती मार्केट का नाम आता है, तो लोगों के जेहन में सरोजिनी नगर या जनपथ मार्केट का नाम ही आता है. अब यह मोनोपोली भी खत्म होती नजर आ रही है, क्योंकि साउथ दिल्ली के मालवीय नगर मार्केट में आपको वह सब तो मिलेगा ही जो सरोजिनी नगर या जनपथ मार्केट में मिलता है, इसके अलावा यहां आपको नई- नई वैरायटी के कपड़े देखने को मिल जाएंगे.
50 साल से भी पुरानी यह मार्केट साउथ दिल्ली के एलीट क्लास मार्केट में गिनी जाती है. यहां एक तरफ आपके बड़े- बड़े ब्रांडेड शोरूम नजर आएंगे. वहीं, दूसरी तरफ पटरी पर लगी दुकानें भी नजर आएंगी.
जम के करें शॉपिंग
यहां आपके पास दोनों प्रकार के ऑप्शन उपलब्ध होते हैं. खास बात यह है कि यहां बजट फ्रेंडली से लेकर ब्रांडेड तक हर रेंज के कपड़े मिल जाते हैं. यहां केवल ₹100 से लड़कियों के कैजुअल पहनने वाले कपड़े मिल जाते हैं. थोड़ा सा बजट बढ़ाते हैं तो ₹300 तक ट्रेंडी टॉप खरीद सकते हैं. इसके अलावा, ₹500 में आप अच्छी क्वालिटी की जींस खरीद पाएंगे. ₹200 की स्टार्टिंग से आप स्लीपर खरीद सकते हैं.
ज्वेलरी के शौकीन लोगों का भी यहां खास प्रबंध है. ₹50 से ज्वेलरी शुरू होकर हजार रुपए की रेंज तक चली जाती है. इंडियन आउटफिट्स की कुर्तियां भी ₹200 में और सूट सेट ₹500 में मिल जाते हैं. लड़कों के लिए शर्ट, शर्ट लवर्स और कैजुअल वेयर भी यहां उपलब्ध है.
ऐसे पहुंचे मालवीय नगर
यह मार्केट सुबह 10:00 से रात 9:00 बजे तक खुली रहती है. अगर आप यहां पहुंचना चाहें, तो आप मेट्रो का ऑप्शन अपना सकते हैं. इसके लिए आपको सबसे नजदीक स्टेशन मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन पड़ेगा. यहां से कुछ ही दूरी पर चलकर आप इस मार्केट पर पहुंच सकते हैं.
