नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने NCR में दिल्ली को हरियाणा, राजस्थान और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए चार नए नमो भारत कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर केंद्र सरकार को सौंप दी गई है. फिलहाल ये सभी प्रस्ताव केंद्र सरकार के विचाराधीन हैं. सोमवार को राज्यसभा में आवास और शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने लिखित जवाब में बताया कि दिल्ली- करनाल, दिल्ली- बावल, बावल- बहरोड़ और गाजियाबाद- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट नमो भारत कॉरिडोर के लिए DPR तैयार की गई है.

केंद्र सरकार इन प्रस्तावों पर विचार कर रही है. मंजूरी मिलने के बाद इन कॉरिडोर पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. खासतौर पर दिल्ली- करनाल और गाजियाबाद- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कॉरिडोर को भविष्य की कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
ये है शामिल
राज्य मंत्री ने बताया कि एनसीआर प्लानिंग बोर्ड ने NCR- 2032 की ट्रांसपोर्ट फंक्शनल प्लान के तहत क्षेत्र में कुल 8 रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर की पहचान की है. पहले से चिन्हित RRTS कॉरिडोर में दिल्ली- गुरुग्राम- रेवाड़ी- अलवर, दिल्ली- गाजियाबाद- मेरठ, दिल्ली- सोनीपत- पानीपत, दिल्ली- फरीदाबाद- बल्लभगढ़- पलवल, दिल्ली- बहादुरगढ़- रोहतक, दिल्ली- शाहदरा- बड़ौत, गाजियाबाद- खुर्जा और गाजियाबाद- हापुड़ शामिल हैं.