नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ट्रैफिक जाम से कोई अछूता नहीं है लेकिन लोगों को इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. राजधानी की सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए निरंतर नए हाइवे और एक्सप्रेस-वे का जाल बिछाया जा रहा है. वहीं, शहर के भीतर एलिवेटेड और फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं ताकि बिना ट्रैफिक जाम में फंसे लोग झट से अपनी यात्रा को पूरा कर सकें.

दिल्ली में बनेगा नया फ्लाईओवर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कल छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची थी जहां उन्होंने क्षेत्र को 322 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का तोहफा दिया. इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने महरौली- बदरपुर रोड पर 1,471 करोड़ रुपए के डबल डेकर फ्लाईओवर के निर्माण को मंजूरी प्रदान की है. इसके अलावा, छतरपुर में 3 नए स्कूल खोले जाएंगे.
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि राजधानी में सड़कों का निर्माण और मजबूती, ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार जैसी योजनाओं पर तेजी से काम आगे बढ़ रहा है. यहां महरौली- बदरपुर रोड पर डबल डेकर फ्लाईओवर बनने से लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी. छतरपुर इलाके में 4 एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट्स के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है. ये कदम राजधानी की बीजेपी सरकार के ‘विकसित दिल्ली’ के विजन में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे.
दो चरणों में पूरा होगा प्रोजेक्ट
साउथ दिल्ली में महरौली- बदरपुर रोड पर लगभग 5 किलोमीटर लंबा सिक्स लेन एलिवेटेड रोड 1471 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा. पहला चरण साकेत जी- ब्लॉक से संगम विहार तक 2.42 किलोमीटर लंबा और दूसरा चरण मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रहलादपुर तक 2.48 किलोमीटर का होगा.
इस प्रोजेक्ट को अगले साल के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर साकेत, अंबेडकर नगर, खानपुर और संगम विहार जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक जाम के झंझट से छुटकारा मिलेगा.