नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सफ़र करने वालों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां नजफगढ़ सड़क नाला प्रोजेक्ट को धरातल पर अमलीजामा पहनाकर लोगों को बहुत जल्द बड़ी राहत प्रदान की जाएगी. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर विभिन्न हिस्सों से IGI एयरपोर्ट की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी.

इस नई सड़क के निर्माण से कई अन्य प्रमुख सड़क मार्गों से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी जिससे पश्चिमी दिल्ली से नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के लिए भी आवागमन करना आसान हो जाएगा.
ट्रैफिक व्यवस्था पर दिखेगा सकारात्मक असर
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस प्रोजेक्ट पर आगे बढ़ते हुए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) बनाने की तैयारियां शुरू कर दी है. जल्द ही योजना स्थल का निरीक्षण किया जाएगा. नजफगढ़ नाले के दोनों छोर पर साढ़े 30- 30 किलोमीटर हिस्से यानी कुल 61 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से पूरी दिल्ली की ट्रैफिक व्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. इस सड़क मार्ग पर वाहनों के संचालन से दूसरी प्रमुख सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम हो जाएगा जिससे ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी. दिल्ली सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए 454 करोड़ रुपए के बजट का प्राविधान किया है.
यह रहेगा रूट
नजफगढ़ नाला सड़क परियोजना झटीकरा ब्रिज से शुरू होकर छावला होते हुए बसईदारापुर तक जाएगी. 7 मीटर चौड़ी इस टू-लेन सड़क को पक्का कंक्रीट बनाया जाएगा. इसमें पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ, रनिंग ट्रैक और साइकिलिंग ट्रैक भी बनाए जाएंगे. यह सड़क आउटर रिंग रोड, इनर रिंग रोड, शिवाजी मार्ग, पंखा रोड, UER- 2 और नजफगढ़ रोड जैसी महत्वपूर्ण सडकों को आपस में सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी.
इससे उत्तम नगर, विकासपुरी, नजफगढ़, द्वारका, पश्चिम विहार और राजौरी गार्डन जैसे इलाकों के लोगों के लिए IGI एयरपोर्ट का सफर आरामदायक हो जाएगा. इस परियोजना पर अगले महीने काम शुरू होने की उम्मीद है और लगभग 18 महीने में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.