नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से राजस्थान की पिंक नगरी जयपुर के बीच आवागमन करने वाले रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने सीकर से होकर गुजरने वाली सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन में स्थाई रूप से एक स्लीपर कोच की बढ़ोतरी कर दी है. 1 फरवरी से यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा. इस संबंध में सूचना जारी कर दी गई है.
दिल्ली- जयपुर के बीच आवागमन आसान
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन नंबर 19701/02, सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन में जयपुर से 1 फरवरी और दिल्ली कैंट से 3 फरवरी से स्थाई रूप से एक स्लीपर कोच की बढ़ोतरी की गई है. इससे यात्रियों को फायदा पहुंचेगा.
उन्होंने बताया कि सैनिक एक्सप्रेस ट्रेन जयपुर से रात 08.45 बजे रवाना होकर रात पौने 11 बजे सीकर स्टेशन पर आगमन करती है. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे बढ़ते हुए सुबह सवा 5 बजे दिल्ली कैंट स्टेशन पर पहुंचती है. इसी तरह वापसी में यह ट्रेन दिल्ली कैंट स्टेशन से रात 12.07 बजे रवाना होकर सुबह 05.45 बजे सीकर स्टेशन पर आगमन करेगी. यहां 10 मिनट के ठहराव के बाद यह ट्रेन आगे बढ़ते हुए साढ़े 8 बजे जयपुर पहुंचेगी.
यात्रियों को फायदा
कैप्टन शशि किरण ने बताया कि ट्रेन में परमानेंटली एक शयनयान श्रेणी के डिब्बे की बढ़ोतरी से यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में आसानी होगी. राजस्थान और दिल्ली के अलावा हरियाणा के कई इलाकों के यात्रियों को भी इस बढ़ोतरी का फायदा मिलेगा. उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि उनका सफर आरामदायक हो सकें.
