नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की लाइफलाइन मानी जाने वाली मेट्रो से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां मेट्रो की पिंक लाइन का विस्तार होने के बाद बुराड़ी, झड़ौदा माजरा, जगतपुर और वजीराबाद जैसे इलाक़ों की आबादी को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का सुपरफास्ट एवं आरामदायक विकल्प मिल गया है. इससे आउटर दिल्ली के इन इलाकों को यमुना पार से जोड़ने का नया रास्ता तैयार हुआ है. साथ ही दिल्ली में एक तरह की सर्कुलर मेट्रो लाइन भी बन गई है जिसका सालों से इंतजार हो रहा था.

यात्रियों में खुशी की लहर
मेट्रो सेवा शुरू होने पर मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन से अधिकतर यात्री पिंक लाइन की सर्कुलर दिशा में आजादपुर, नेताजी सुभाष प्लेस राजौरी गार्डन और साकेत की ओर सफर करते नजर आए. वहीं, दूसरी डायरेक्शन में रूट पर भी सफर करने वाले यात्रियों में अलग ही खुशी नजर आ रही थी, जो आजादपुर से बुराड़ी और जगतपुर होते हुए मौजपुर- बाबरपुर की ओर जाती है.
समय व पैसा दोनों की बचत
बुराड़ी मेट्रो स्टेशन पर कुछ महिलाओं ने बताया कि पहले जगतपुर और बुराड़ी के रास्ते मौजपुर, भजनपुरा, शाहदरा और वेलकम जैसे इलाकों में जाते समय दो घंटे से ज्यादा का समय लग जाता था लेकिन अब बुराड़ी, झडौदा माजरा, जगतपुर और सोनिया विहार जैसे इलाकों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी का बेहतरीन विकल्प मिल गया है. इससे न केवल समय की बचत हुई है बल्कि किराया खर्च भी कम हो गया है.
पहले टैक्सी या अन्य वाहनों से आना पड़ता था जो महंगा था. अब कुछ ही मिनटों में स्कूल का सफर पूरा हो रहा है. बुजुर्गों के लिए मेट्रो की सवारी काफी फायदेमंद है. बस में भीड़- भाड़ और चढ़ते- उतरते समय परेशानी झेलनी पड़ती है परंतु अब मेट्रो का सफर राहत देने वाला है- स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया