नई दिल्ली | दुनियाभर में बढ़ती गर्मी और हीटवेव के बीच जापान की कंपनी SDRS ने लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए Do Hiemon Box नाम का एक खास कूलिंग बूथ तैयार किया है. इसे लोग ‘ह्यूमन फ्रिज’ भी कह रहे हैं. यह मशीन खासतौर पर उन लोगों के लिए बनाई गई है, जो लंबे समय तक धूप या अत्यधिक गर्म माहौल में काम करते हैं और हीट स्ट्रोक के खतरे का सामना करते हैं. इस कूलिंग बॉक्स का डिजाइन छोटे फ्रिज जैसा है, जिसमें एक व्यक्ति आराम से बैठ सकता है. अंदर बैठते ही ठंडी हवा सीधे सिर, गर्दन, कंधों और पीठ तक पहुंचती है, जिससे शरीर का तापमान तेजी से कम होने लगता है.

कंपनी के मुताबिक, मशीन के अंदर का तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रखा जाता है, जबकि लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की ठंडी हवा शरीर के ऊपरी हिस्से पर छोड़ी जाती है. करीब 10 मिनट तक इसका इस्तेमाल करने से शरीर को राहत मिलती है और हीट स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है.
देखें Video
यह मशीन निर्माण स्थलों पर काम करने वाले मजदूरों, फैक्ट्री कर्मचारियों, वेयरहाउस स्टाफ, सड़क पर काम करने वाले कर्मियों और बड़े आउटडोर आयोजनों में ड्यूटी करने वाले लोगों के लिए तैयार की गई है. इसमें तीन अलग- अलग कूलिंग और एयरफ्लो मोड दिए गए हैं, जिन्हें जरूरत के अनुसार बदला जा सकता है. सुरक्षा के लिए इसमें ऑटो शटडाउन फीचर भी है, जो 20 मिनट बाद मशीन को अपने आप बंद कर देता है.
Au Japon, un réfrigérateur pour humains a été développé. En entrant dans la cabine, la personne reçoit un flux d’air refroidi jusqu’à 5 °C pour faire rapidement baisser sa température corporelle. pic.twitter.com/W8IDv2d0CK
— KRONIK Insights (@KRONIKInsights) July 20, 2026
कंपनी का दावा है कि Do Hiemon Box सामान्य स्पॉट एयर कंडीशनर की तुलना में लगभग आधी बिजली खर्च करता है. इसमें पहिए लगे हैं, इसलिए इसे आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है और इंडोर व आउटडोर दोनों जगह इस्तेमाल किया जा सकता है.
बॉक्स लगाए जाने की संभावना
जापान में हाल के वर्षों में कई शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है और हीट स्ट्रोक के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. इसी चुनौती को देखते हुए यह तकनीक विकसित की गई है. फिलहाल, इसकी कीमत करीब 15 लाख येन है और इसे कंपनियों व औद्योगिक संस्थानों के लिए उपलब्ध कराया गया है. भविष्य में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पार्क और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी ऐसे कूलिंग बॉक्स लगाए जाने की संभावना जताई जा रही है.