दिल्ली में जाम से राहत, बिहारी कॉलोनी सिग्नल हटाकर बनाए गए यू- टर्न

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के यमुनापार इलाके में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है. विकास मार्ग को सिग्नल मुक्त बनाने के बाद अब स्वामी दयानंद मार्ग को भी सिग्नल मुक्त किया जा रहा है जिससे वाहन चालकों को जाम से राहत मिलने लगी है. इसी क्रम में बिहारी कॉलोनी ट्रैफिक सिग्नल को बंद कर वहां यू- टर्न तैयार किए गए हैं. नए इंतजाम के बाद लोगों का 10 से 15 मिनट तक का समय बच रहा है और ईंधन की खपत में भी कमी आई है. अधिकारियों के अनुसार, अगले डेढ़ महीने में इसी मार्ग पर 3 अन्य ट्रैफिक सिग्नल भी बंद कर यू- टर्न बनाए जाएंगे.

Road Sadak

बिहारी कॉलोनी ट्रैफिक सिग्नल बंद होने से कांति नगर, पुराना सीलमपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को काफी राहत मिली है. स्वामी दयानंद मार्ग शाहदरा जीटी रोड को आनंद विहार मार्ग से जोड़ता है.

जाम से राहत

इस सड़क पर बिहारी कॉलोनी, ईस्ट आजाद नगर, स्वर्ण सिनेमा और विश्वास नगर जैसे प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल हैं लेकिन इनकी आपसी दूरी कम होने के कारण अक्सर भारी जाम की स्थिति बन जाती थी. जानकारी के अनुसार, इस मार्ग से रोजाना करीब 1.75 लाख वाहन गुजरते हैं. यातायात पुलिस की अनुशंसा पर पीडब्ल्यूडी करीब 68 लाख रुपये की लागत से यू- टर्न का निर्माण कर रहा है. विभाग का कहना है कि फिलहाल स्वामी दयानंद मार्ग पर दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है. यह कार्य पूरा होने के बाद शेष तीन ट्रैफिक सिग्नल भी बंद कर वहां यू- टर्न बना दिए जाएंगे.

यह भी पढ़े -  दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, निर्माण कार्य में सेवाएं बाधित होने से बचाने के लिए SOP जारी

स्थिति हुई अच्छी

यातायात पुलिस के मुताबिक, पिछले साल विकास मार्ग को भी ट्रैफिक सिग्नल मुक्त बनाया गया था जहां 3 सिग्नल हटाकर यू-टर्न बनाए गए थे. इससे वाहन चालकों को काफी राहत मिली और जाम की समस्या में कमी आई. अब उसी मॉडल को स्वामी दयानंद मार्ग पर भी लागू किया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने भी इस बदलाव का स्वागत किया है. बिहारी कॉलोनी निवासी अभिषेक जैन का कहना है कि पहले 30 सेकेंड के ट्रैफिक सिग्नल को पार करने में कई बार आधा घंटा तक जाम में फंसना पड़ता था लेकिन अब स्थिति काफी बेहतर हो गई है. वहीं, स्थानीय निवासी डॉ. परवेज मियां के अनुसार कांति नगर रोड पर सुबह और शाम के समय भारी जाम लगता था लेकिन यू- टर्न बनने के बाद यातायात सुचारु हुआ है और लोगों का समय व ईंधन दोनों बच रहे हैं.

Avatar of Sanjucta Pandit
Sanjucta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर कंटेंट एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.