नई दिल्ली | स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए, इसे देखते हुए रेलवे ने दिल्ली के 5 प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल सेवा अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है. यह प्रतिबंध 12 अगस्त से 15 अगस्त तक लागू रहेगा. इस दौरान नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशनों पर सभी प्रकार की पार्सल हैंडलिंग गतिविधियां बंद रहेंगी.

रेलवे के अनुसार, इन पांचों स्टेशनों पर लीज्ड एसएलआर, वीपी और डिमांड वीपी समेत सभी तरह की पार्सल हैंडलिंग पर रोक रहेगी. आवक और जावक दोनों प्रकार के पार्सल यातायात को प्रतिबंधित किया गया है.
दिल्ली के स्टेशनों पर रोक
इन स्टेशनों से कोई पार्सल बुक होकर रवाना नहीं होगा और दूसरे स्टेशनों से आने वाले पार्सल को भी यहां उतारने की अनुमति नहीं होगी. इस अवधि में पार्सल गोदाम और प्लेटफार्म को पार्सल के सामान से पूरी तरह खाली रखा जाएगा. प्रतिबंध के दौरान यात्रियों को अपने व्यक्तिगत सामान को कोच में अपने साथ ले जाने की अनुमति रहेगी. हालांकि, सुरक्षा जांच के दौरान सामान की गहन जांच की जाएगी.
रेलवे की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यात्रियों से भी सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे.
पत्रिकाओं को छूट
रेलवे ने पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग को प्रतिबंध से बाहर रखा है. हालांकि, इनके लिए सभी वाणिज्यिक औपचारिकताओं को पूरा करना होगा और निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकाल का पालन करना जरूरी होगा. स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर लगाए गए ये प्रतिबंध 15 अगस्त तक प्रभावी रहेंगे. इसके बाद स्टेशनों पर पार्सल सेवाएं सामान्य रूप से शुरू किए जाने की संभावना है.