महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘सेफ दिल्ली’ ऐप जल्द लॉन्च, संकट में तुरंत पहुंचेगी पुलिस

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सरकार महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने और आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया को तेज करने के लिए जल्द ही ‘सेफ दिल्ली’ मोबाइल एप लॉन्च करने की तैयारी में है. इस एप को आपातकालीन अलर्ट सिस्टम के रूप में विकसित किया गया है, जिसे सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा. सरकार का उद्देश्य महिलाओं से जुड़े मामलों में तुरंत कार्रवाई करना और उन्हें बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराना है. सरकारी अधिकारियों के अनुसार, पूरे दिल्ली में इस एप को लागू करने का प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है.

Ladies Mahila Women

हाल ही में इसका ट्रायल वर्जन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के समक्ष प्रस्तुत किया गया. मुख्यमंत्री के पास महिला एवं बाल विकास विभाग का भी प्रभार है, इसलिए इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है.

ऐप जल्द लॉन्च

‘सेफ दिल्ली’ एप में कई आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी. इसमें जीपीएस ट्रैकिंग, लाइव ऑडियो- वीडियो स्ट्रीमिंग और वॉयस- इनेबल्ड एक्टिवेशन जैसी तकनीक शामिल होगी. किसी भी आपात स्थिति में उपयोगकर्ता केवल आवाज के जरिए भी अलर्ट सक्रिय कर सकेगा. इसके बाद, उसकी लोकेशन, ऑडियो और वीडियो फीड सीधे पुलिस मॉनिटरिंग रूम तक पहुंच जाएगी जिससे पुलिस मौके की स्थिति का तुरंत आकलन कर तेजी से कार्रवाई कर सकेगी. यह एप विशेष रूप से महिलाओं के लिए असुरक्षित रास्तों, सुनसान इलाकों, खराब रोशनी वाले क्षेत्रों और लिंग आधारित हिंसा जैसी परिस्थितियों में काफी उपयोगी साबित होगा.

यह भी पढ़े -  24 सितंबर तक नए रूट से संचालित होगी दिल्ली- जैसलमेर, इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव

तुरंत पहुंचेगी पुलिस

दिल्ली सरकार का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब राजधानी में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले चिंता का विषय बने हुए हैं. राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में दिल्ली में दुष्कर्म के 1,058 मामले दर्ज किए गए थे जो देश के सभी प्रमुख महानगरों में सबसे अधिक थे. इससे पहले भी दिल्ली पुलिस ‘हिम्मत प्लस’ एप और पिंक पुलिस बूथ जैसी कई पहल शुरू कर चुकी है लेकिन अधिकारियों का कहना है कि ‘सेफ दिल्ली’ एप इन प्रयासों को और मजबूत करेगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.