सोने के दामों में आया उछाल तो चांदी ने भी दिखाई चमक, देखें आज के ताजा भाव

नई दिल्ली ।  वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव के चलते आज घरेलू सर्राफा बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में उछाल देखने को मिला. शादियों के सीजन में मांग बढ़ने से सोने का भाव फिर 50 हजार के पार पहुंच गया है, वहीं चांदी का भाव 61 हजार के आसपास चल रहा है.

gold

मल्टीकमोडिटी एक्सचेंज पर मंगलवार सुबह 24 कैरेट शुद्धता का वायदा भाव 157 रुपये की तेजी के साथ 50,405 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है. एक्सचेंज पर सुबह 50,399 की दर से कारोबार शुरू हुआ और जल्द ही मांग बढ़ने से यह 0.31 प्रतिशत बढ़कर 50,405 रुपये पर पहुंच गया. इससे पहले सोने की कीमतों में लगातार गिरावट आ रही थी, जब इसकी कीमत 50 हजार से नीचे आ गई थी.

चांदी भी चमकी

सोने की तर्ज पर आज के कारोबार में चांदी में भी तेजी देखने को मिल रही है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सुबह के वायदा भाव में चांदी 181 रुपये की तेजी के साथ 61,107 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. चांदी भी सुबह की तेजी के साथ 60,985 पर खुले तौर पर कारोबार करने लगी, लेकिन मांग और खपत बढ़ने से इसमें जल्द ही 0.30 फीसदी की उछाल दिखाई देने लगी और चांदी का वायदा भाव 61 हजार के पार पहुंच गया.

वैश्विक बाजार में दिखी नरमी

वैश्विक बाजार में सोने-चांदी की चमक फीकी पड़ रही है. आज के कारोबार में भी दोनों धातुओं का बाजार नरम रहा. अमेरिकी बाजार में सोना 1,825.24 डॉलर प्रति औंस के हाजिर भाव पर बिक रहा है और 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ है. इसी तरह चांदी का हाजिर भाव भी 21.61 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो कल के बंद भाव से सपाट कारोबार कर रहा है. पिछले महीने चांदी की कीमत 27 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई थी.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- हरियाणा के बीच सड़क कनेक्टिविटी होगी और ज्यादा बेहतर, मुनक नहर किनारे बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर

इसलिए बढ़ रही धातुओं की कीमतें

जानकारों के मुताबिक यूएस फेड रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने के बाद बाजार पर भी दबाव बढ़ गया है. अमेरिका, यूरोप समेत दुनियाभर के शेयर बाजार अभी भी दबाव में हैं और निवेशकों को अपना पैसा डूबने का भी डर सता रहा है. ऐसे में इसे सुरक्षित ठिकाना मानकर लोग फिर से सोने की ओर रुख कर रहे हैं और पीली धातु की खरीदारी बढ़ा रहे हैं. भारतीय सर्राफा बाजार में शादियों के सीजन की वजह से मांग बढ़ रही है. यही वजह है कि वैश्विक बाजार में गिरावट के बावजूद घरेलू बाजार में सोना-चांदी महंगा होता जा रहा है.

Avatar of Pravesh Chauhan
Pravesh Chauhan
View all posts

मेरा नाम प्रवेश चौहान है. मीडिया लाइन में पिछले 4 वर्ष से काम कर रहा हूँ. मैंने पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की है.