दिल्ली के कनॉट प्लेस में एस्केलेटर पर लगेंगे खास कवर, बारिश से लेकर चोरी तक होगी सुरक्षा

नई दिल्ली | कनॉट प्लेस के विभिन्न सबवे में खुले आसमान के नीचे चल रहे एस्केलेटर अब बारिश और चोरी से सुरक्षित किए जाएंगे. नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने 20 एस्केलेटर के ऊपर और किनारों पर कवर लगाने की योजना तैयार की है. इस काम पर करीब 3.81 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है. एनडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, वर्ष 2010 में राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान कनॉट प्लेस के पुनर्विकास के तहत ईआईएल ने अलग- अलग सबवे में 22 एस्केलेटर लगाए थे.

CP Delhi

इनमें सुपर बाजार सबवे, स्टेट्समैन सबवे, बाराखंभा रोड सबवे और केजी मार्ग सबवे में दो- दो जोड़ी, जबकि जनपथ सबवे में तीन जोड़ी एस्केलेटर शामिल हैं. इससे एस्केलेटर बारिश और अन्य मौसम संबंधी नुकसान से सुरक्षित रहेंगे. साथ ही, महंगे उपकरणों की चोरी की घटनाओं पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी.

पहले से लगा कवर

इन सभी एस्केलेटर में केवल जनपथ सबवे के एस्केलेटर को कवर किया गया था. बाकी एस्केलेटर लंबे समय से खुले आसमान के नीचे चल रहे हैं. बारिश के दौरान इनका इस्तेमाल करने में यात्रियों को परेशानी होती है. पानी और मौसम के असर से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. इसके अलावा, खुले एस्केलेटर असामाजिक तत्वों के निशाने पर भी रहे हैं. पिछले वर्षों में इनके महंगे पुर्जों की चोरी की कई घटनाएं सामने आईं, जिसके चलते कई एस्केलेटर महीनों तक खराब पड़े रहे.

यह भी पढ़े -  पोस्ट ऑफिस का बदला अंदाज, QR कोड; UPI और बैंकिंग से Gen- Z को लुभाने की तैयारी

चोरी रोकने के लिए स्टील कवर

एनडीएमसी अब इन एस्केलेटर के ऊपर शेड लगाने के साथ किनारों को भी मजबूत कवर से सुरक्षित करेगी. इसके लिए जनपथ सबवे में लगे कवर की तर्ज पर डिजाइन तैयार किया जाएगा. कवर का सपोर्टिंग स्ट्रक्चर मजबूत स्टेनलेस स्टील के एंगल और प्लेट से बनाया जाएगा. किनारों पर 12 मिलीमीटर मोटा टफेंड ग्लास लगाया जाएगा, जबकि ऊपर 4 मिलीमीटर मोटी पॉलीकार्बोनेट शीट होगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.