नई दिल्ली | कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की तरफ से कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के लिए एक नई टेक्नोलॉजी अपनाई गई है. SSC ने परीक्षा के दौरान नकल पर रोकथाम लगाने के लिए उन्नत तकनीक का उपयोग करना शुरू कर दिया है. इस तकनीक की मदद से आयोग को काफी फायदा होगा.
एआई की मदद से पकड़ा जाएगा नकलची
यहां तक कि अगर कोई अभ्यर्थी अगल- बगल किसी दूसरे के कंप्यूटर में झांकता है तो आर्टिफिशयल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से उसे नकल में पकड़ लिया जाएगा. किसी भी प्रकार की नकल में पकड़े जाने पर परीक्षार्थी को परीक्षा से वंचित करने के साथ उसका विवरण आयोग की वेबसाइट पर पब्लिक कर दिया जाएगा.
अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने के किसी भी प्रयास के लिए सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 (पीईए अधिनियम, 2024) के तहत कड़ी कार्रवाई होगी.
परीक्षाओं से हो सकता है वंचित
इस प्रकार के मामलों में उम्मीदवार की उम्मीदवारी रद्द होने के साथ वह वर्तमान एवं भविष्य की परीक्षाओं से वंचित भी हो सकता है. नकल पर प्रभावी कंट्रोल के लिए एसएससी की तरफ से जारी चेतावनी के मुताबिक, अगर कंप्यूटर आधारित किसी भी परीक्षा के दौरान बाहर से रिमोट कंट्रोल की हेल्प ली जाती है, तो भी उन्नत तकनीक के जरिये ऐसे मामलों का पता लगा लिया जाएगा. ऐसे में सभी उम्मीदवार इन सभी बातों का ध्यान रखें और बिना किसी अनुचित साधन के इस्तेमाल के अपना एग्जाम दें.
