नई दिल्ली | देशभर के स्टूडेंट्स के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) ने कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के स्टूडेंट्स के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोर्स शुरू किए हैं. ये कोर्स Study Webs of Active- Learning for Young Aspiring Minds (SWAYAM) प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं और कुल 11 विषयों को कवर करते हैं.

21 सप्ताह का रहेगा कोर्स
इन कोर्सों में अकाउंटेंसी, Biology, केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, जियोग्राफी, फिजिक्स, Math’s, साइकोलॉजी, सोशियोलॉजी, बिजनेस स्टडीज और इंग्लिश शामिल हैं. प्रत्येक कोर्स की अवधि 21 सप्ताह रखी गई हैं ताकि छात्र गहराई से विषयों की समझ विकसित कर सकें.
NCERT ने बताया कि इन ऑनलाइन कोर्सों के माध्यम से छात्र कभी भी और कहीं से भी पढ़ाई कर सकते हैं. कोर्स में वीडियो लेक्चर, इंटरैक्टिव कंटेंट, डिस्कशन फोरम और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन भी शामिल है.
इस तारीख तक करें आवेदन
कोर्स पूरा करने के बाद छात्रों को अपनी तैयारी जांचने के लिए सेल्फ- असेसमेंट टेस्ट और क्विज दिए जाएंगे. अंतिम मूल्यांकन पास करने पर उन्हें सर्टिफिकेट भी प्रदान किया जाएगा. इन कोर्सों के लिए 1 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा. वहीं, असेसमेंट के लिए रजिस्ट्रेशन डेट 7-9 सितंबर और फाइनल परीक्षा का आयोजन 10 से 15 सितंबर के बीच होगा.
इस तरह करें आवेदन
स्टूडेंट्स को swayam.gov.in वेबसाइट पर जाकर पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद संबंधित कोर्स लिंक पर क्लिक कर नामांकन करें. सभी अध्ययन सामग्री पूरी करने के बाद फाइनल असेसमेंट दें और परीक्षा पास करने पर सर्टिफिकेट प्राप्त करें. स्टूडेंट्स NCERT की आधिकारिक वेबसाइट ciet.ncert.gov.in पर जाकर भी इन कोर्सों के लिए आवेदन कर सकते हैं.