नई दिल्ली | रंगों के त्योहार होली को सभी अपनों के बीच रहकर सेलिब्रेट करना पसंद करते हैं. खासकर वो लोग जो नौकरी या किसी अन्य कार्यों की वजह से घर से बाहर रहते हैं, उन्हें इस त्यौहार पर घर जाने की बड़ी बेसब्री रहती है. ऐसे लोगों की यात्रा को आरामदायक बनाने के उद्देश्य से रेलवे द्वारा निरंतर स्पेशल ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दिखाई जा रही है. इसी कड़ी में रेलवे द्वारा एक और स्पेशल ट्रेन के संचालन का शेड्यूल जारी किया गया है जो 6 राज्यों से होकर गुजरेगी.
गुजरात से उत्तराखंड के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन
पश्चिम रेलवे द्वारा गुजरात के साबरमती से उत्तराखंड की धार्मिक नगरी हरिद्वार के बीच स्पेशल ट्रेन के संचालन का फैसला लिया गया है. यह स्पेशल ट्रेन 6 राज्यों से होकर गुजरेगी जिसका सीधा फायदा हरियाणा के रेलयात्रियों को भी मिलेगा. इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को एसी- 2 टियर, एसी- 3 टियर, शयनयान और जनरल कोच की सुविधा मिलेगी. रेलवे ने इस ट्रेन के संचालन को लेकर शेड्यूल घोषित कर दिया गया है.
पश्चिम रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रेन नंबर 09425, साबरमती- हरिद्वार स्पेशल ट्रेन 23 फरवरी और 02, 09, 16, 23 मार्च को साबरमती से शाम 18.45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात साढ़े 8बजे हरिद्वार पहुंचेगी. इसी तरह वापसी में ट्रेन नंबर 09426, हरिद्वार- साबरमती स्पेशल ट्रेन 24 फरवरी और 03, 10, 17, 24 मार्च को हरिद्वार से रात 21.45 बजे रवाना होकर अगले दिन रात में 22.30 बजे साबरमती पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर करेगी ठहराव
बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, पिंडवाड़ा, जवाई बांध, फालना, रानी, मारवाड़, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर- जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली कैंट, दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर एवं रुड़की स्टेशनों पर ठहराव करेगी.
