नई दिल्ली | चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां हरिद्वार और ऋषिकेश में लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से छुटकारा दिलाने के लिए हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की पहल पर केंद्र सरकार ने उपरोक्त दोनों शहरों को बाईपास करने के लिए 25 किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग के निर्माण का सर्वे कार्य जल्द से जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया है.
लोकसभा में उठाया था मुद्दा
मानसून सत्र में लोकसभा के उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में हरिद्वार से सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरिद्वार और ऋषिकेश शहर को बाईपास करने वाला एक वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की मांग रखी थी. इसपर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस प्रोजेक्ट पर सर्वे का काम शुरू किया जायेगा और कार्ययोजना के अनुसार निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बाईपास रोड करीब 25 किलोमीटर लंबा होगा, जो हरिद्वार और ऋषिकेश के शहरी क्षेत्र को बाईपास कर लोगों को सीधे सड़क मार्ग की सुविधा उपलब्ध कराएगा. इससे हरिद्वार और ऋषिकेश शहर के अंदर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी, जिससे स्थानीय लोगों को भी ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा.
व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की संस्कृति, अर्थव्यवस्था और पर्यटन का केंद्र बिंदु है. उन्होंने कहा कि इस बाईपास रोड के निर्माण से जहां हरिद्वार और ऋषिकेश के ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी, तो स्थानीय व्यापार और रोजगार को नई रफ्तार मिलेगी. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर श्रद्धालुओं के साथ- साथ स्थानीय लोगों को भी हर साल होने वाली भारी परेशानियों से भी छुटकारा मिलेगा.
