नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों के लिए अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ क्षेत्र में विकास को नई गति देने के लिए करीब साढ़े 11 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है. इस अवसर पर पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही. इन परियोजनाओं का उद्देश्य इलाके की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है.
क्या है प्रमुख विकास कार्य?
इन विकास कार्यों के तहत मुख्य रूप से गोपाल नगर में MD रोड व पीपल वाली गली का निर्माण, मित्रांऊ व झड़ौदा गांवों में गलियों और नालियों के आधुनिकीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया. इसके साथ ही क्षेत्र की सुरक्षा और सुंदरता के लिए 28 हाइमास्ट लाइटें, 800 नई स्ट्रीट लाइटें और 2 टायलेट ब्लाकों का उद्घाटन हुआ. स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम और 5 पार्कों के निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया.
जनता को संबंधित करते हुए क्षेत्रीय निगम पार्षद अमित खरखड़ी ने कहा कि यह विकास कार्य कागजों तक सीमित नहीं होंगे, बल्कि धरातल पर भी देखने को मिलेंगे. उन्होंने कहा कि नजफगढ़ में जल्द ही क्षेत्र का पहला AC सामुदायिक सेंटर बनाया जाएगा. वही प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लाइब्रेरी और ऐतिहासिक दिल्ली गेट का धरोहर के रूप नवीनीकरण होगा.
सबका साथ, सबका विकास
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली को इन विकास कार्यों से नया रूप दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास के मंत्र से ही आम जनता का जीवन सुगम बनता है. दिल्ली का नजफगढ़ आने वाले दिनों में मॉडल बनकर उभरेगा. उन्होंने नजफगढ़ को और अधिक स्वच्छ और आधुनिक बनाने का संकल्प दोहराया.
