नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सफर करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. इसमें बताया गया है कि गाजियाबाद- सराय काले खां सड़क मार्ग पर मरम्मत एवं सड़क मजबूती कार्य शुरू हो चुका है, जिसके चलते जून महीने तक ट्रैफिक संचालन प्रभावित रहेगा.

वैकल्पिक रूट्स से पूरा करें सफर
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के एक अधिकारी ने बताया कि NH-09 के गाजियाबाद से सराय काले खां कैरिजवे पर मरम्मत और कार्पेटिंग कार्य चल रहा है. अगले महीने जून के आखिर तक यह कार्य चलेगा जिसके चलते इस हिस्से पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा.
NHAI ने इस समयावधि के दौरान वाहन चालकों से NH-24 को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल करने की सलाह दी है ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो. इसके साथ ही आमजन से आग्रह किया गया है कि वे सफर पर निकलने से पहले ही यात्रा की योजना बनाएं और डायवर्जन बोर्ड का पालन करते हुए अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़े.
हेल्पलाइन नंबर पर करें संपर्क
इसके साथ ही एनएचएआई ने यातायात पुलिस से सहयोग करने और अनावश्यक भीड़ से बचने की सलाह दी है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि किसी भी तरह की एमरजेंसी में हेल्पलाइन नंबर 1095/ 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है.