दिल्ली में स्कूल खुलते ही बढ़ा जाम, कालकाजी में 100 मीटर आगे बनाया गया नया यू- टर्न

नई दिल्ली | दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी इलाके में लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ट्रायल अभियान शुरू किया है. स्कूलों के दोबारा खुलने के बाद गोविंदपुरी, कालकाजी और तुगलकाबाद एक्सटेंशन में बढ़ते यातायात को देखते हुए गुरु रविदास मार्ग से कालका पब्लिक स्कूल की ओर जाने वाले कट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है.

Vahan Gadi Car

ट्रैफिक पुलिस ने कट बंद करने के साथ ही करीब 100 मीटर आगे यू- टर्न की व्यवस्था की है. इससे तुगलकाबाद, तारा अपार्टमेंट, ग्रेटर कैलाश, संगम विहार, ओखला फेज- 1, ओखला फेज- 2 और बदरपुर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुचारु होने की उम्मीद है.

दिल्ली में बढ़ा जाम

गुरु रविदास मार्ग पर अतिक्रमण और गलत कट की वजह से लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई है. समय- समय पर एमसीडी की ओर से अतिक्रमण हटाने के अभियान भी चलाए गए लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. सड़क किनारे अवैध पार्किंग भी ट्रैफिक बाधित होने का बड़ा कारण बनी हुई है. ट्रैफिक पुलिस ने जाम की वजह बनने वाले व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान काटे जा रहे हैं.

यह भी पढ़े -  दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर, कालकाजी फ्लाईओवर के काम से इन इलाकों में बढ़ेगी ट्रैफिक परेशानी

बनाया गया नया यू- टर्न

ओखला स्टेट मार्ग पर स्थित कई सरकारी स्कूलों की छुट्टी के समय दोपहर और शाम में लगने वाले जाम को देखते हुए पीडब्ल्यूडी और एमसीडी को रेहड़ी- पटरी तथा अन्य अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र लिखा गया है. ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ भी बैठक की गई है और इलाके को जाम मुक्त बनाने के लिए सुझाव लिए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि ट्रायल के नतीजों के आधार पर आगे की स्थायी व्यवस्था तय की जाएगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.