नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सफ़र करने वालों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां नॉर्थ दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सीवर लाइन बिछाई जाएगी. उपरोक्त कार्य के चलते इस सड़क मार्ग पर 15 दिनों तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. इस समयावधि के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करते हुए अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचने की सलाह जारी की हैं ताकि बेवजह की परेशानी से बचा जा सके.
सीवर लाइन जाएगी बिछाई
दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने अपनी एडवाइजरी में बताया है कि 10- 25 मार्च तक 31वें राजपुर रोड से 19वें राजपुर रोड, सिविल लाइंस तक 300 mm डायमीटर की सीवर लाइन बिछाई जाएगी. यह कार्य सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन से MCD चौक तक के कैरिजवे पर किया जा रहा है. इस कार्य के चलते राजपुर रोड, मॉल रोड, महात्मा गांधी मार्ग, चौबुर्जा मार्ग, भीकू राम जैन मार्ग, शामनाथ मार्ग और लोक निवास मार्ग पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न रहने की संभावना बनी रहेगी.
वैकल्पिक रूट्स का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि राजपुर रोड पर राजपुर अथॉरिटी कट से MCD चौक तक का हिस्सा सभी तरह के वाहनों के लिए बंद रहेगा. इस दौरान सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन रेड लाइट और राजपुर अथॉरिटी कट से आने वाले ट्रैफिक को पूरी तरह से डायवर्ट किया जाएगा. तीस हजारी की ओर जाने वाली सभी गाड़ियों को भी इन दो जगहों से डायवर्ट किया जाएगा. MCD चौक से PS सिविल लाइंस रेड लाइट की ओर सिर्फ वन- वे ट्रैफिक चलेगा.
TRAFFIC ADVISORY
Special traffic arrangements will be in place in view of the laying of a 300 mm diameter sewer line by Delhi Jal Board on Rajpur Road, Civil Lines from 10.03.2026 to 25.03.2026.
-Traffic movement will be regulated/diverted on Rajpur Road, Mall Road, Mahatma… pic.twitter.com/YBK05CUvZb
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) March 10, 2026
डायवर्जन के तहत, सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन की रेड लाइट से आने वाले वाहन अपर अथॉरिटी कट से अंडर हिल रोड पर मुड़ सकेंगे और शामनाथ मार्ग और राज निवास रोड होते हुए MCD चौक जा सकेंगे. वहीं, इस रूट पर कमर्शियल वाहनों के संचालन पर पूर्णतः रोक लगाई गई है. वाहन शामनाथ मार्ग, बुलेवार्ड रोड और युधिष्ठिर सेतु के नीचे से यू-टर्न लेकर रानी झांसी रोड की ओर भी जा सकते हैं.
