नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कों की सूरत बदलने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने बड़ा कदम उठाया है. विभाग ने राजधानी की 175 सड़कों के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 370 करोड़ रुपए बजट को मंजूरी दी है. इस परियोजना के अंतर्गत अगले 6 महीनों में उत्तर दिल्ली से लेकर शाहदरा और अन्य कई इलाकों की सड़कों को नया रूप दिया जाएगा.
मुख्य और संपर्क सड़कों का कायाकल्प
PWD के एक अधिकारी के अनुसार लगभग 142 किलोमीटर लंबी मुख्य और संपर्क सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा. इसमें दक्षिणी, पश्चिमी, उत्तर पश्चिमी, नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, शाहदरा, पूर्वी और उत्तर- पूर्वी क्षेत्र की सड़के शामिल है. लंबे समय से इन सड़कों की हालात खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इस परियोजना के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
अधिकारी ने बताया कि योजना को पूरी तरह चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि सड़कों की निर्माण गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और समय सीमा का पालन नहीं करने ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
अक्षरधाम फ्लाईओवर लूप की मरम्मत
पूर्वी दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के सामने फ्लाई ओवर के लूप की मरम्मत की जाएगी क्योंकि इस लूप कई जगह गढ्ढे है. इसके कारण वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इस परियोजना के पूरी तरह पूरा होने के बाद यहां यात्रा करना सुगम होगा.
PWD ने इलाकों के अनुसार, सड़कों का वितरण किया है. इसके तहत पश्चिमी दिल्ली इलाके की 48 सड़कें, उत्तर पश्चिमी दिल्ली में 66 सड़के, नई और मध्य दिल्ली में 19 सड़कों, दक्षिणी दिल्ली में 25, शाहदरा में 8 सड़के, पूर्वी दिल्ली की 6 सड़के, उत्तर- पूर्वी दिल्ली की 3 सड़कों को सुधारा जाएगा. इससे लोगों की आवाजाही पहले से बेहतर होगी.
