नई दिल्ली | अगर आप स्वतंत्रता दिवस 2026 पर 15 अगस्त को दिल्ली के लाल किले में आयोजित समारोह में शामिल होने की योजना बना रहे हैं तो यह जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है. स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली पुलिस ने समारोह में आने वाले लोगों के लिए कई सामान पर प्रतिबंध लगाया है. सुरक्षा जांच के दौरान अगर किसी व्यक्ति के पास प्रतिबंधित सामान मिलता है तो उसे परिसर में प्रवेश नहीं दिया जा सकता. ऐसे में लाल किला जाने से पहले यह जरूर जांच लें कि आपके बैग या जेब में कोई प्रतिबंधित वस्तु तो नहीं है.

दिल्ली पुलिस की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, समारोह स्थल पर खाने- पीने की चीजें, केचप, सॉस, थैला और ब्रीफकेस जैसी वस्तुएं लेकर जाने की अनुमति नहीं होगी. रिमोट नियंत्रित कार लॉक चाबियां, रेडियो, ट्रांजिस्टर, टेपरिकॉर्डर और पेजर भी प्रतिबंधित सामान की सूची में शामिल हैं.
इलेक्ट्रॉनिक सामान पर भी रोक
कैमरा, दूरबीन, हैंडीकैम, डिजिटल डायरियां, पाम- टॉप कंप्यूटर, लैपटॉप, DVD/CD प्लेयर, DVD/CD, आईपैड, आईपॉड, टैबलेट और पेनड्राइव भी समारोह स्थल के अंदर नहीं ले जा सकेंगे. मोबाइल चार्जर, इयरफोन, पावर बैंक और अतिरिक्त बैटरी ले जाने पर भी रोक रहेगी. इसके अलावा थर्मस, पानी की बोतल, कैन और छाता लेकर आने की भी अनुमति नहीं होगी. पटाखे, बारूद, फ्लेयर्स और किसी भी तरह के विस्फोटक पदार्थ प्रतिबंधित रहेंगे. सिगरेट, बीड़ी, लाइटर, माचिस, शराब, एरोसोल, जेल, पेस्ट, इत्र और स्प्रे जैसे ज्वलनशील या अन्य संवेदनशील सामान भी परिसर में नहीं ले जाए जा सकेंगे.
खिलौना बंदूक भी नहीं
हथौड़ा, ड्रिल, आरी, तलवार, कटार और पेंचकस जैसे औजारों पर भी रोक रहेगी. रेजर, ब्लेड, चाकू, कैंची, तार और किसी भी तरह के नुकीले हथियार भी प्रतिबंधित होंगे. गोला- बारूद, आग्नेयास्त्र और खिलौना बंदूकें भी प्रतिबंधित सामान की सूची में हैं. इसके साथ ही निष्क्रिय करने वाले रसायन और अन्य खतरनाक वस्तुएं भी लाल किले के अंदर नहीं ले जाई जा सकेंगी. स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में हाई सिक्योरिटी व्यवस्था लागू रहेगी. दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां चप्पे- चप्पे पर निगरानी रखेंगी.
लाल किले के आसपास भी सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ाई गई है. ऐसे में समारोह में जाने वाले लोगों से अपील है कि वे प्रतिबंधित सामान साथ न लाएं, ताकि सुरक्षा जांच में परेशानी न हो और प्रवेश प्रक्रिया सुचारू बनी रहे.